अक्टूबर 2025 से ट्रकों में एयर कंडीशंड केबिन लगाना होगा अनिवार्य, केंद्र सरकार ने जारी किया नोटिस
अक्टूबर 2025 से ट्रकों में एयर कंडीशन्ड केबिन बनाना अनिवार्य होगा, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने ट्रक निर्माता कंपनियों को यह निर्देश जारी किया है.
Air Conditioned Cabin in Trucks: अक्टूबर 2025 से ट्रकों में एयर कंडीशन्ड केबिन बनाना अनिवार्य होगा, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने ट्रक निर्माता कंपनियों को यह निर्देश जारी किया है. सरकार ने माल ढुलाई की लागत को कम करने, लंबी यात्रा के दौरान ट्रक ड्राइवरों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले विपरीत असर को कम करने और सड़क हादसों को रोकने के लिए यह फैसला लिया है.
N2 और N3 कैटेगरी वाले वाहनों में एसी केबिन अनिवार्य
जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, 1 अक्टूबर 2025 या उसके बाद बनने वाले N2 और N3 कैटेगरी के वाहनों के केबिन के लिए एयर कंडीशन सिस्टम लगाया जाएगा. इससे पहले सरकार ने ऐसा करने के लिए 1 जनवरी 2025 तक का समय तय किया था. बता दें कि N2 कैटेगिरी के अंदर वे भारी मालवाहक वाहन आते हैं जिनका कुल वजन 3.5 टन से अधिक और 12 टन से कम होता है. वहीं N3 कैटेगिरी में वे भारी मालवाहक वाहन आते हैं जिनका कुल वजन 12 टन से अधिक होता है.
ये कंपनियां देती हैं AC केबिन
वॉल्वो और स्कैनिया जैसी कुछ मल्टीनेशल कंपनियों के हाई-एंड ट्रक पहले से ही AC केबिन के साथ आते हैं.
देश की टॉप 5 ट्रक निर्माता कंपनियां
मार्केट कैप के हिसाब से टाटा मोटर्स देश की नंबर वन ट्रक निर्माता कंपनी है. इसके बाद क्रमश: महिंद्रा एंड महिंद्रा, आयशर मोटर्स, अशोक लेलैंड और फोर्स मोटर्स का नंबर आता है.
15 दिसंबर से देश में ही होगा कारों का क्रैश टेस्ट
इसके अलावा दूसरी अच्छी खबर ये है कि 15 दिसंबर 2023 से कारों का क्रैश टेस्ट भारत में ही किया जाएगा. बता दें कि कारों की सेफ्टी चेक करने के लिए उनका क्रैश टेस्ट किया जाता है. कारों को सेफ्टी रेंकिंग देने के लिए भारतीय एजेंसी भारत न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम 15 तारीख से क्रैश टेस्ट शुरू करने जा रही है.