Sachin Tendulkar News: पैसे वाले लोग मोटा निवेश करते हैं और मोटा ही रिटर्न कमाते हैं. पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर इसके ताजा उदाहरण बने हैं. सचिन तेंदुलकर के निवेश वाली हैदराबाद की आजाद इंजीनियरिंग नामक कंपनी का स्टॉक अगले सप्ताह स्टॉक एक्सचेंज बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होने जा रहा है. लिस्टिंग होते ही सचिन द्वारा 9 महीने पहले कंपनी में किया गया 5 करोड़ का निवेश 23 करोड़ में बदल जाएगा.
360% का मोटा मुनाफा कमाएंगे सचिन
दरअसल इश्यू प्राइस के अपर बैंड 524 रुपए प्रति शेयर को ध्यान में रखते हुए तेंदुलकर का 5 करोड़ का निवेश बढ़कर 22.96 करोड़ हो जाएगा, यानी वह 9 महीनों में अपने निवेश पर तकरीबन 360% का लाभ कमाएंगे.
हालांकि लिस्टिंग के दिन उनका प्रॉफिट थोड़ घट-बढ़ सकता है. ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) के अनुसार, आजाद इंजीनियरिंग के शेयर IPO इश्यू प्राइस से 65% अधिक लिस्ट होने की संभावना है.
क्या करती है आजाद इंजीनियरिंग
आजाद इंजीनियरिंग कंपनी क्लीन एनर्जी, एयरोस्पेस, रक्षा, तेल और गैस क्षेत्रों में वैश्विक ओईएम के लिए इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी सॉल्यूशन प्रदान करती है.
सचिन ने 6 मार्च को कंपनी में 5 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे थे. कंपनी के 740 करोड़ रुपए के आईपीओ का सब्सक्रिप्शन शुक्रवार को समाप्त हुआ.
इन खिलाड़ियों का भी है कंपनी में निवेश
सचिन के अलावा इस कंपनी में अन्य खेल हस्तियों पीवी सिंधु, साइना नेहवाल और वीवीएस लक्ष्मण ने भी निवेश कर रखा था. इन लोगों को भी अपने निवेश पर मोटा मुनाफा होने जा रहा है.