NASA ने दुनिया को दी डरावनी चेतावनी, कहा- 2024 के लिए अभी से हो जाएं सावधान नहीं तो...
NASA: नासा ने अगले साल को लेकर दुनिया को चेतावनी दी है. हाल ही में कई रिपोर्ट्स आई जिसमें बताया गया कि जुलाई 2023 अब तक का सबसे गर्म महीना रहा है.
नई दिल्ली. दुनिया में जलवायु परिवर्तन के चलते कई प्रकार की घटनाएं घट रही है. कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है. यूरोप का एक हिस्सा तो आग की तरह जल रहा है. ठंडे मौसम के लिए जाने जाने वाला अमेरिका और यूरोप इस बार भारी गर्मी का सामना कर रहे हैं. हाल ही में अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने बताया था की जुलाई 2023 का महीना 1880 के बाद से अब तक का सबसे गर्म महीना रहा है.
2024 की अभी से करनी होगी तैयारी
भारी गर्मी को लेकर नासा ने दुनिया को चेतावनी दी है. नासा की मानें तो अगले साल यानी 2024 में भीषण गर्मी पड़ने वाली है. अगर इससे बचने की तैयारी नहीं की तो ज्यादा से ज्यादा लोगों की मौत भी हो सकती है. विश्व के अलग-अलग क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार की आपदाएं आ रही हैं. इन आपदाओं की वजह से पृथ्वी दिनों-दिन और गर्म होती जा रही है. धरती का तापमान बढ़ता जा रहा है. ये सिलसिला रुक नहीं रहा है. लगातार तापमान बढ़ता ही जा रहा है. अगर ऐसा ही चलता रहा है तो 2024 में गर्मी की वजह से बहुत लोगों की मौत हो सकती है.
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के प्रमुख बिल नेल्सन ने बताया है कि हमारे पास जो डाटा है उसके अनुसार अरबों लोगों ने इस वर्ष भयानक गर्मी का सामना किया.
उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देश जलवायु संकट से जूझ रहे हैं. इसके पीछे के विज्ञान को समझने की जरूरत है. हमें पर्यावरण का ध्यान देना होगा नहीं तो पृथ्वी हमारे रहने लायक नहीं बचेगी.
कार्बन उत्सर्जन और अल-नीनो की वजह से इस बार गर्मी अपने रिकॉर्ड स्तर पर पड़ी है. ये घटनाएं मिलकर धरती को गरम करने का काम कर रही हैं. धरती का तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है. इस भयानक गर्मी से कनाडा, रूस, यूरोप, अफ्रीका के जंगलों में आग लगी गई. वहीं, चीन में सैकड़ों लोगों की मौत हो गई.
NOAA प्रमुख ने चेताया
एनओएए (National Oceanic and Atmospheric Administration) की प्रमुख सारा कैपनिक ने बताया कि जब से गर्मी का रिकॉर्ड रखा जा रहा है तब से 2023 का साल अब तक सबसे गर्म रहा है. 2024 में हमें अल-नीनो की घटना का असर और भयानक देखने को मिल सकता है.
वहीं साल 2024 को लेकर नासा के गोडार्ड इंस्टीट्यूट फॉर स्पेस स्टडीज के गैविन श्मिट ने कहा है कि अगले वर्ष रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ने वाली है. अगर टेम्परेचर में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होती है तो इंसानों की मुसीबत बढ़ सकती है.
इतनी बड़ी-बड़ी संस्थाएं जलवायु परिवर्तन को लेकर अपनी रिसर्च में गर्मी को लेकर चेतावनी दी है. ऐसे में पर्यावरण को लेकर हर एक देश, सरकार और हर एक इंसान को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार होना पड़ेगा.
यह भी पढ़ें- टमाटर के बाद अब रुलाएगा ये फल, कीमतों में होने वाला है जबरदस्त उछाल, बारिश बनी वजह