menu-icon
India Daily

सस्ता या महंगा... क्या हैं LPG सिलेंडर के नए रेट? जानें अब बिना एड्रेस प्रूफ के कहां मिलेगा ‘छोटू’ सिलेंडर?

देशभर में एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती मांग के बीच सरकार और कंपनियों ने सप्लाई को सामान्य बनाए रखा है. 5 किलो छोटू सिलेंडर बिना एड्रेस प्रूफ के भी मिल रहा है जिससे छात्रों और प्रवासी मजदूरों को बड़ी राहत मिल रही है.

babli
Edited By: Babli Rautela
सस्ता या महंगा... क्या हैं LPG सिलेंडर के नए रेट? जानें अब बिना एड्रेस प्रूफ के कहां मिलेगा ‘छोटू’ सिलेंडर?
Courtesy: Social Media

देशभर में एलपीजी सिलेंडर को लेकर कुछ दिनों से लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है. कई जगहों पर पैनिक बाइंग देखने को मिली है जिससे गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें लग गई थीं. हालांकि अब स्थिति धीरे धीरे सामान्य हो रही है और लाइनें छोटी होती नजर आ रही हैं. सरकार और गैस कंपनियों ने साफ किया है कि सप्लाई पूरी तरह से पर्याप्त है और घबराने की जरूरत नहीं है.

इंडेन ने एक बड़ी राहत देते हुए 5 किलो का छोटू सिलेंडर उपलब्ध कराया है जिसे बिना एड्रेस प्रूफ के भी लिया जा सकता है. यह खासतौर पर छात्रों कामकाजी युवाओं और प्रवासी मजदूरों के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो रहा है. यह सिलेंडर हल्का होता है और कम खपत वाले परिवारों या अस्थायी जरूरतों के लिए बिल्कुल सही विकल्प है. कंपनी का कहना है कि पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और डिलीवरी सेवाएं सुचारु रूप से चल रही हैं इसलिए अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

भारत गैस मिनी सिलेंडर के नियम

भारत गैस भी 5 किलो मिनी सिलेंडर के जरिए लोगों को सुविधा दे रही है. ग्राहक किसी भी नजदीकी वितरक के पास जाकर एक वैध पहचान पत्र दिखाकर यह सिलेंडर ले सकते हैं. इस सिलेंडर की खास बात यह है कि इसे पांच साल के भीतर वापस करने पर 50 प्रतिशत तक रिफंड भी मिल सकता है. यह सुविधा खासकर उन लोगों के लिए उपयोगी है जो किराए पर रहते हैं या जिनकी जरूरत अस्थायी होती है.

एलपीजी सिलेंडर बुक करने के आसान तरीके

आज के समय में गैस सिलेंडर बुक करना बेहद आसान हो गया है. भारत गैस के लिए ग्राहक व्हाट्सएप मिस्ड कॉल IVRS मोबाइल ऐप और वेबसाइट के जरिए बुकिंग कर सकते हैं. इंडेन गैस के लिए भी व्हाट्सएप मिस्ड कॉल और ऐप जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं जिससे घर बैठे बुकिंग संभव है. एचपी गैस उपभोक्ता भी व्हाट्सएप कॉल और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके आसानी से सिलेंडर बुक कर सकते हैं. इन सुविधाओं ने ग्राहकों को लाइन में लगने की परेशानी से काफी हद तक राहत दी है.

आज के ताजा आंकड़ों के अनुसार देश के अलग अलग शहरों में एलपीजी सिलेंडर के दाम इस प्रकार हैं.

  • नई दिल्ली में घरेलू सिलेंडर करीब 913 रुपये में मिल रहा है जबकि कमर्शियल सिलेंडर 2078 रुपये के आसपास है.
  • मुंबई में घरेलू सिलेंडर लगभग 912 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 1836 रुपये के करीब है.
  • लखनऊ में घरेलू गैस 950 रुपये से ज्यादा और कमर्शियल सिलेंडर 2200 रुपये से ऊपर है.
  • पटना में सबसे ज्यादा कीमत देखने को मिल रही है जहां घरेलू सिलेंडर 1000 रुपये से ऊपर पहुंच चुका है.
  • हैदराबाद, चेन्नई और कोलकाता जैसे शहरों में भी कीमतें अलग अलग हैं लेकिन सभी जगह सप्लाई सामान्य बनी हुई है.