लाड़ली बहना की किस्त आज: खाते में आएंगे 1500 रुपये या करना होगा इंतजार? घर बैठे ऐसे चेक करें स्टेटस
मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए आज का दिन अहम है.14 अक्टूबर को योजना की 41वीं किस्त जारी होंगे
Ladli Behna Yojana 41st Installment Today: मध्य प्रदेश में लाखों महिलाओं को लाड़ली बहना योजना की अगली किस्त का इंतजार है. आज यानी 14 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उमरिया जिले के गुरुवाही गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों के खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे. इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है, जिससे उन्हें रोजमर्रा के खर्चों में मदद मिल सके.
योजना की 41वीं किस्त के तहत लगभग सवा करोड़ महिलाओं को 1,500 रुपये मिलने हैं. हालांकि, राशि जारी होने के बाद खाते में पैसा दिखने का समय बैंक और भुगतान प्रक्रिया के अनुसार अलग हो सकता है. इसलिए सिर्फ किस्त जारी होने की खबर के आधार पर भुगतान की पुष्टि न करें. सरकारी पोर्टल, बैंक खाते या एसएमएस के जरिए अपनी राशि का अपडेट जरूर जांचें.
आज कब जारी होगी लाड़ली बहना की किस्त?
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 अक्टूबर को उमरिया जिले के गुरुवाही गांव में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में योजना की किस्त जारी करेंगे. कार्यक्रम दोपहर करीब एक बजे होने की जानकारी दी गई है. इसके बाद लाभार्थियों के बैंक खातों में भुगतान भेजा जाएगा. योजना की पिछली किस्तों की तरह इस बार भी ऑनलाइन माध्यम से राशि ट्रांसफर की जानी है. महिलाओं को भुगतान की पुष्टि अपने बैंक खाते से करनी चाहिए.
Also Read
- PM Ujjwala Yojana: दिवाली पर इन परिवारों की होगी मौज! यूपी सरकार मुफ्त में दे सकती है गैस सिलिंडर, जानें किसे मिलेगा लाभ
- PF से पैसा निकालने वालों के लिए बड़ा बदलाव! अब नहीं चलेगा पुराना फॉर्म, जान लें नया नियम
- यूपी के कारोबारियों के लिए बड़ी राहत, पुराने टैक्स पर ब्याज और पेनल्टी सरकार कर सकती है माफ
हर महीने मिलते हैं 1,500 रुपये
लाड़ली बहना योजना मध्य प्रदेश सरकार ने जून 2023 में शुरू की थी. इसके तहत पात्र महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता दी जाती है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सितंबर तक योजना की 40 किस्तों का भुगतान किया जा चुका है. महिलाओं को चार बार 250-250 रुपये की अतिरिक्त सहायता भी दी गई है. वित्त वर्ष 2026-27 के लिए योजना के मद में 23,882 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है.
मोबाइल से ऐसे चेक करें किस्त का स्टेटस
अगर आप जानना चाहती हैं कि आपकी किस्त का भुगतान हुआ है या नहीं, तो इन आसान चरणों का पालन करें:
1. सबसे पहले (लाड़ली बहना योजना की आधिकारिक वेबसाइट) (https://cmladlibahna.mp.gov.in) पर जाएं.
2. होमपेज पर ‘आवेदन एवं भुगतान की स्थिति’ विकल्प चुनें.
3. अपना आवेदन नंबर या समग्र आईडी दर्ज करें.
4. स्क्रीन पर दिखने वाला कैप्चा भरें और पंजीकृत मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी से सत्यापन करें.
5. लॉगिन करने के बाद आवेदन और भुगतान से जुड़ी जानकारी देखें.
खाते में पैसा आया या नहीं, ऐसे करें पुष्टि
पोर्टल पर भुगतान की स्थिति देखने के अलावा आप बैंक खाते का बैलेंस भी जांच सकती हैं. बैंक से आए एसएमएस, पासबुक अपडेट या यूपीआई ऐप के जरिए खाते में जमा राशि की जानकारी मिल सकती है. अगर पोर्टल पर भुगतान का विवरण दिखाई दे रहा है, लेकिन खाते में रकम नहीं दिख रही, तो बैंक से संपर्क करके स्थिति स्पष्ट करें. किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें.