भारत की पहली बुलेट ट्रेन 2027 में पटरियों पर दौड़ने को तैयार, रेलवे ने वीडियो जारी कर किया कन्फर्म

भारत की पहली बुलेट ट्रेन 2027 में पटरियों पर दौड़ेगी. रेल मंत्रालय ने वीडियो जारी कर निर्माण कार्य की प्रगति दिखाई है. यह ट्रेन 320 किमी/घंटा की रफ्तार से मुंबई-अहमदाबाद दूरी 2 घंटे में तय करेगी.

X
Sagar Bhardwaj

भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है. रेल मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'X' पर एक वीडियो शेयर कर पुष्टि की है कि बुलेट ट्रेन 2027 से पटरियों पर दौड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है. संभावना जताई जा रही है कि इसे 15 अगस्त 2027 को हरी झंडी दिखाई जा सकती है.

सूरत-वापी सेक्शन से शुरुआत

508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में से 348 किलोमीटर का हिस्सा गुजरात में आता है. मंत्रालय द्वारा जारी वीडियो में 100 किलोमीटर लंबे सूरत-वापी सेक्शन में पुलों, स्टेशनों और सुरंगों के निर्माण की झलक दिखाई गई है. इस रूट पर कर्मचारी दिन-रात काम में जुटे हुए हैं.


320 किमी/घंटा की तेज रफ्तार

बुलेट ट्रेन अधिकतम 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी. फिलहाल मुंबई से अहमदाबाद की यात्रा में ट्रेनों द्वारा लगभग 6 घंटे का समय लगता है, लेकिन बुलेट ट्रेन इस सफर को महज 2 घंटे में पूरा कर देगी. इससे दोनों शहरों के बीच आवाजाही बेहद आसान और समय की बचत करने वाली होगी.

कॉरिडोर में होंगे 12 स्टेशन

अहमदाबाद से मुंबई के बीच इस कॉरिडोर पर कुल 12 स्टेशन बनाए जा रहे हैं. पहला स्टेशन साबरमती और आखिरी स्टेशन मुंबई (बीकेसी) होगा. इनके बीच ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद और अहमदाबाद जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल किए गए हैं.