रेलवे का बड़ा फैसला, इन तारीखों पर रद्द की कई ट्रेनें; जानें फिर कब शुरू होगी सर्विस?

अगर आप आने वाले दिनों में ट्रेन से यात्रा करने वाले हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. रेलवे प्रशासन ने 17 से 22 मार्च के बीच कई ट्रेनों को रद्द करने, कुछ के रूट बदलने और कुछ ट्रेनों को देरी से चलाने का फैसला किया है.

India Daily
Babli Rautela

देश में हर दिन करोड़ों लोग ट्रेन के जरिए एक शहर से दूसरे शहर तक यात्रा करते हैं. ऐसे में रेलवे से जुड़ी छोटी सी जानकारी भी यात्रियों के लिए बेहद जरूरी हो जाती है. रेलवे प्रशासन ने जरूरी तकनीकी कार्य और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव करने का फैसला लिया है. इस फैसले के तहत कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है. वहीं कुछ ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है और कुछ ट्रेनों को देरी से चलाने का निर्णय लिया गया है.

17 मार्च से 22 मार्च 2026 के बीच अलग अलग दिनों में यह बदलाव लागू रहेगा. ऐसे में अगर आपने इन तारीखों के बीच यात्रा की योजना बनाई है तो सफर से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर चेक कर लें.

इन ट्रेनों को किया गया पूरी तरह कैंसिल

रेलवे प्रशासन ने कुछ MEMU ट्रेनों को पूरी तरह रद्द करने का फैसला लिया है. इन ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है.

  • ट्रेन नंबर 68077 और 68078 आद्रा वाड़ा आद्रा MEMU

यह ट्रेन 17 मार्च, 19 मार्च, 20 मार्च और 22 मार्च 2026 को पूरी तरह रद्द रहेगी.

  • ट्रेन नंबर 68090 और 68089 आद्रा मिदनापुर आद्रा MEMU

यह ट्रेन 17 मार्च, 20 मार्च और 22 मार्च 2026 को रद्द रहेगी.

  • ट्रेन नंबर 68079 और 68080 भोजूडीह चंद्रपुरा भोजूडीह MEMU

यह ट्रेन 17 मार्च, 20 मार्च और 22 मार्च 2026 को नहीं चलेगी.

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि इन तारीखों में यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें.

कुछ ट्रेनों के रूट में भी किया गया बदलाव

रेलवे ने कुछ ट्रेनों के रूट में भी बदलाव किया है. रूट बदलने की वजह से कुछ स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव प्रभावित हो सकता है.

  • ट्रेन नंबर 68056 और 68060 टाटानगर आसनसोल बराभूम MEMU पैसेंजर

यह ट्रेन 16 मार्च 2026 को अपने पूरे रूट पर नहीं चलेगी. यह ट्रेन केवल आद्रा स्टेशन तक ही संचालित होगी और वहीं से वापस लौट जाएगी. इसका मतलब है कि इस दिन आद्रा से आसनसोल के बीच यह ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं होगी.

  • ट्रेन नंबर 18601 टाटानगर हटिया एक्सप्रेस

यह ट्रेन 18 मार्च 2026 को डायवर्ट रूट से चलाई जाएगी.

यह ट्रेन अपने सामान्य मार्ग सीनी पुरुलिया कुश्तौर मुरी की जगह सीनी गोडबर मुरी के रास्ते चलेगी. रूट बदलने की वजह से कुछ स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव प्रभावित हो सकता है.

इन ट्रेनों की टाइमिंग में किया गया बदलाव

रेलवे प्रशासन ने कुछ ट्रेनों की टाइमिंग में भी अस्थायी बदलाव किया है. यानी कुछ ट्रेनें अपने तय समय से देरी से चलेंगी.

  • ट्रेन नंबर 63591 बोकारो स्टील सिटी आसनसोल MEMU पैसेंजर

यह ट्रेन 16 मार्च से 20 मार्च 2026 तक बोकारो स्टील सिटी से अपने निर्धारित समय से लगभग एक घंटे देरी से रवाना होगी.

  • ट्रेन नंबर 18020 धनबाद झाड़ग्राम MEMU एक्सप्रेस

यह ट्रेन 16 मार्च, 18 मार्च, 19 मार्च और 22 मार्च 2026 को धनबाद से लगभग एक घंटे देर से चलेगी.

इसलिए यात्रियों को स्टेशन जाने से पहले ट्रेन का अपडेट जरूर चेक करने की सलाह दी गई है.