Asian Games 2026 BRICS 2026

कल से आम यात्रियों के लिए दौड़ेगी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, जानें टाइमिंग, ट्रेन नंबर और 12 स्टॉपेज

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन 19 जुलाई से आम यात्रियों के लिए शुरू होगी. जींद-सोनीपत रूट पर प्रतिदिन चलने वाली ट्रेन 12 स्टेशनों पर रुकेगी.

X
Sagar Bhardwaj

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन अब आम यात्रियों के लिए भी उपलब्ध होने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 17 जुलाई को उद्घाटन के बाद इस ट्रेन को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता थी. अब रेलवे ने घोषणा की है कि 19 जुलाई से यह ट्रेन नियमित रूप से यात्रियों के लिए संचालित होगी. पहले इसे सप्ताह में छह दिन चलाने की योजना थी, लेकिन अब इसे सप्ताह के सातों दिन चलाने का फैसला लिया गया है.

 जींद-सोनीपत रूट पर होगा संचालन

हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा के जींद और सोनीपत के बीच दोनों दिशाओं में चलेगी. ट्रेन संख्या 74010 प्रतिदिन सुबह 7:40 बजे जींद से रवाना होकर 9:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 74009 सुबह 10:40 बजे सोनीपत से प्रस्थान करेगी और दोपहर 1:00 बजे जींद पहुंचेगी. इस सेवा से दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को पर्यावरण-अनुकूल परिवहन का नया विकल्प मिलेगा.

 इन 12 स्टेशनों पर होगा ठहराव

जींद और सोनीपत के बीच चलने वाली यह हाइड्रोजन ट्रेन कुल 12 स्टेशनों पर रुकेगी. इनमें जींद सिटी, पांडु पिंडारा, ललित खेड़ा, भांबेवा, ईशापुर खेड़ी, बुटाना, खंडराई, गोहाना, रभड़ा, लाठ, मोहाना हरियाणा और बरवासनी स्टेशन शामिल हैं. इन स्टॉपेज के कारण बीच के क्षेत्रों के यात्रियों को भी इस नई सेवा का लाभ मिलेगा.


Hydrogen train schedule Indian Railways

 ग्रीन ट्रांसपोर्ट की दिशा में बड़ा कदम

हाइड्रोजन ईंधन से संचालित यह ट्रेन भारतीय रेलवे के हरित परिवहन अभियान की महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है. पारंपरिक डीजल ट्रेनों की तुलना में यह तकनीक प्रदूषण कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने में मददगार होगी. रेलवे का मानना है कि भविष्य में इस तरह की पर्यावरण-अनुकूल ट्रेनों का विस्तार देश के अन्य रूटों पर भी किया जा सकता है, जिससे टिकाऊ और आधुनिक रेल परिवहन को नई गति मिलेगी.