होली के रंग कहीं खराब न कर दें आपकी चमचमाती कार बाइक, ये आसान ट्रिक बचाएंगे हजारों का नुकसान
होली पर कार और बाइक पर रंग लगना आम है, लेकिन गलत तरीके से सफाई करने पर पेंट खराब हो सकता है. जानिए सूखे गुलाल और जिद्दी केमिकल रंग को हटाने के आसान और सुरक्षित तरीके, जिससे आपकी गाड़ी की चमक बनी रहे.
नई दिल्ली: होली का त्योहार खुशियों और रंगों से भरा होता है. इस दिन लोग एक दूसरे पर जमकर रंग डालते हैं. कई लोग दोस्तों और रिश्तेदारों से मिलने कार या बाइक से जाते हैं और इस दौरान गाड़ियों पर भी रंग पड़ जाता है. होली पर वाहन पर रंग लगना आम बात है, लेकिन अगर समय पर और सही तरीके से सफाई न की जाए तो गाड़ी का पेंट फीका पड़ सकता है.
खासकर केमिकल वाले रंग पेंट की ऊपरी परत को नुकसान पहुंचा सकते हैं और दाग छोड़ सकते हैं. इसलिए जरूरी है कि रंग लगते ही बिना देर किए सफाई की जाए. आइए जानते हैं आसान और सुरक्षित तरीके जिनसे आपकी कार या बाइक फिर से नई जैसी दिख सकती है.
सूखा गुलाल और हल्का रंग ऐसे हटाएं
अगर गाड़ी पर सिर्फ सूखा गुलाल या हल्का रंग लगा है तो सबसे पहले उसे सूखे कपड़े से झाड़ने की गलती न करें. इससे पेंट पर खरोंच आ सकती है. सबसे पहले हल्के पानी की धार से गाड़ी को धो लें ताकि ऊपर जमी रंग की परत निकल जाए. इसके बाद गुनगुने पानी में माइल्ड डिटर्जेंट मिलाएं. एक मुलायम स्पंज या माइक्रोफाइबर कपड़ा उस पानी में भिगोकर रंग वाले हिस्से को हल्के हाथ से साफ करें.
ध्यान रखें कि जोर से रगड़ने से पेंट पर स्क्रैच आ सकते हैं. जब रंग निकल जाए तो साफ पानी से दोबारा धो लें और सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें. जितनी जल्दी आप सफाई करेंगे उतना ही कम दाग पड़ेगा और पेंट सुरक्षित रहेगा.
गहरे और जिद्दी दाग के लिए घरेलू उपाय
अगर रंग गहरा है और सामान्य धुलाई से नहीं निकल रहा है तो कुछ घरेलू उपाय मददगार हो सकते हैं. बेकिंग सोडा एक असरदार विकल्प है. इसमें थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाएं और दाग वाली जगह पर 15 से 20 मिनट के लिए लगा रहने दें. इसके बाद मुलायम कपड़े से हल्के हाथ से साफ करें और पानी से धो लें.
विनेगर भी उपयोगी है. बराबर मात्रा में पानी और विनेगर मिलाकर स्प्रे बोतल में भर लें. दाग वाले हिस्से पर स्प्रे करें और कुछ मिनट बाद साफ कपड़े से पोंछ दें. हल्के दाग के लिए रबिंग अल्कोहल या नॉन जेल टूथपेस्ट का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. लेकिन इनका उपयोग करने से पहले गाड़ी के किसी छोटे और कम दिखने वाले हिस्से पर टेस्ट जरूर करें ताकि पेंट को नुकसान न पहुंचे.
बाजार में मिलने वाले क्लीनर का सही इस्तेमाल
आजकल बाजार में खास वाहन क्लीनर उपलब्ध हैं जो पेंट से दाग हटाने के लिए बनाए गए हैं. ऐसे प्रोडक्ट इस्तेमाल करते समय पैक पर लिखे निर्देश ध्यान से पढ़ें. यह सुनिश्चित करें कि क्लीनर आपकी गाड़ी की पेंट टाइप के लिए सुरक्षित हो. हार्ड केमिकल, पत्थर जैसे रफ कपड़े या सख्त ब्रश का इस्तेमाल बिल्कुल न करें. इससे पेंट की ऊपरी परत को नुकसान हो सकता है और गाड़ी की चमक कम हो सकती है. हमेशा सॉफ्ट स्पंज या माइक्रोफाइबर कपड़ा ही इस्तेमाल करें.
किन बातों का रखें खास ध्यान
- रंग लगे वाहन को धूप में खड़ा न छोड़ें. धूप में रंग जल्दी सूखकर पेंट से चिपक सकता है और हटाना मुश्किल हो जाता है.
- सफाई के बाद कार या बाइक पर अच्छी क्वालिटी का वैक्स लगाना फायदेमंद होता है. इससे पेंट पर एक सुरक्षा परत बनती है और भविष्य में दाग लगने का खतरा कम हो जाता है.
- अगर दाग बहुत जिद्दी हो और घरेलू उपायों से न निकले तो प्रोफेशनल ऑटो डिटेलर की मदद लेना बेहतर रहेगा. कभी भी बहुत ज्यादा ताकत लगाकर रगड़ने की कोशिश न करें.