Budget 2024: आयुष्मान भारत योजना के तहत बीमा कवर दोगुना करेगी सरकार, बजट में होगा ऐलान
केंद्र सरकार अपनी महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना के तहत बीमा कवर को बढ़ाकर दो गुना करने के प्रस्ताव पर काम कर रही है ताकि कैंसर और अंग प्रत्यारोपण जैसे महंगे इलाज में भी मरीजों की आर्थिक मदद हो सके.
Pradhan Mantri Jan Arogya Yojana: केंद्र सरकार अपनी महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना के तहत बीमा कवर को बढ़ाकर दो गुना करने के प्रस्ताव पर काम कर रही है ताकि कैंसर और अंग प्रत्यारोपण जैसे महंगे इलाज में भी मरीजों की आर्थिक मदद हो सके. आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी. इसकी घोषणा 1 फरवरी को पेश किए जाने वाले बजट में हो सकती है.
लाभार्थियों की संख्या 100 करोड़ करने पर हो रहा विचार
सूत्रों ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्रालय आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) से किसान सम्मान निधि प्राप्त करने वालों, निर्माण कामगारों, गैर कोयला खनन कर्मियों और आशा कार्यकर्ताओं को अगले तीन साल में जोड़कर लाभार्थियों की संख्या 100 करोड़ करने की योजना बना रहा है.
बीमा कवर बढ़कर होगा 10 लाख रुपए
सूत्रों ने बताया कि मंत्रालय यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि कैंसर और अंग प्रत्यर्पण जैसे उपचार को भी जन आरोग्य के तहत कवर किया जाए. इसके लिए वित्त वर्ष 2024-25 से ही बीमित राशि को बढ़ाकर 10 लाख रुपए प्रति परिवार के प्रस्ताव को अंतिम रूप देने पर काम हो रहा है.
अगर सरकार बीमा कवर को 10 लाख रुपए प्रति परिवार और लाभार्थियों की संख्या बढ़ाकर 100 करोड़ करती है तो सरकार को हर साल प्रीमियम के तौर पर 12,076 करोड़ रुपए अतिरिक्त भुगतान करना होगा.
बता दें कि यह योजना 2018 में लागू की गई थी और अब तक इस योजना का 6.2 करोड़ मरीज लाभ उठा चुके हैं. उन्होंने 79,157 करोड़ रुपए का इलाज कराया. अधिकारी ने बताया कि अगर लाभार्थियों ने अपने स्तर पर इलाज कराया होता तो उनका खर्च दोगुना तक होता.
इस राज्य में सबसे ज्यादा आयुष्मान कार्ड धारक
सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश 4.83 करोड़ आयुष्मान कार्ड धारकों के साथ शीर्ष पर है. वहीं, 12 जनवरी तक पूरे भारत में आयुष्मान कार्ड धारकों की संख्या 30 करोड़ के पार पहुंच गई थी. देश के 11 राज्य ऐसे हैं जहां आयुष्मान कार्ड धारकों की संख्या 1 करोड़ से अधिक है.
गौरतलब है कि यह योजना राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) द्वारा कार्यान्वित की जा रही है. योजना का लक्ष्य 12 करोड़ लाभार्थी परिवारों को सेकेंडरी और टर्टिअरी केयर अस्पताल में भर्ती के लिए प्रति वर्ष 5 लाख रुपए प्रति परिवार का स्वास्थ्य बीमा प्रदान करना है.