Gold Rates All Time High: नए साल अगर आप भी सोना, चांदी या फिर इसके गहने खरीदना चाहते हैं या फिर सोने में निवेश करना चाहते हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है. सर्राफा बाजार के जानकारों की मानें तो इस साल 2024 में सोने और चांदी की कीमत में बड़ी तेजी देखी जा रही है. अनुमान के मुताबिक इस साल सोना 70,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच सकता है. फिलहाल सोना बिना किसी टैक्स के अपने ऑल टाइम हाई 63452 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब बिक रहा है.
पिछले साल 2023 में सोने के दाम में 8379 रुपये प्रति 10 ग्राम तो चांदी की कीमत 5303 रुपये प्रति किलो की बड़ी तेजी देखने को मिली. साल 2022 के 31 दिसंबर को सोना 54867 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 68092 रुपये प्रति किलो के स्तर पर बंद हुई थी. जबकि पिछले साल 2023 के 31 दिसंबर को सोना 63246 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 73395 रुपये प्रति किलो के स्तर पर बंद हुई थी. ऐसे में सर्राफा बाजार के जानकारों का कहना है कि इस साल भी सोने और चांदी की कीमत में बड़ी तेजी दर्ज की जा सकती है.
इस बीच देश में इस साल अप्रैल-मई के महीने में लोकसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में बाजार के जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी के रेट में तेजी दर्ज की जा सकती है. पिछले 20 साल के आंकड़ों पर गौर करें तो अमूमन चुनाव से दो-तीन महीने पहले रुपया के रेट में गिरावट आती है, जिससे सोने और चांदी के दाम में तेजी देखी जाती है.
इंटरनेशनल मार्केट में घरेलू मुद्रा में कमजोरी और शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के कारण भी सर्राफा बाजार में सोने के रेट में तेजी को लेकर पॉजिटिव माहौल बनता दिख रहा है. अगर ऐसा हुआ तो आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमत और भी बढ़ सकती है. फिलहाल इंटरनेशनल मार्केट में सोना 2,060 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के आसपास है. वहीं एक डॉलर की कीमत 83 रुपए के ऊपर है.
साल 2023 में पूरे साल सोने की कीमत में हलचल का दौर जारी रहा. भारतीय सर्राफा बाजार में साल 2023 में कम से कम चार ऐसे मौके आए जब सोने ने महंगाई के अपने पुराने रिकॉर्ड तो तोड़कर नए हाई पर पहुचा. साल 2023 में पहली बार 4 मई को सोना 61,845 रुपए प्रति 10 ग्राम के हाई रेट पर पहुंचा. इसके बाद 16 नवंबर को सोना ने 61,914 रुपए प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड बनाया. फिर सोने ने 4 दिसंबर को 63,281 रुपये प्रति 10 ग्राम और फिर 28 दिसंबर 2023 को 63,452 रुपये प्रति दस ग्राम के महंगाई के अपने सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था.
ऐसे में बाजार के जानकारों का कहना है कि इस साल सोना महंगाई के अपने उच्चतम स्तर 70,000 रुपए के तक पहुंच सकता है. लिहाजा आप भी अगर इसकी खरीदारी का प्लान बना रह रहे हैं तो उपयुक्त समय पर इस काम को निपटा लें.