Fake Loan Check: आपके नाम पर तो नहीं चल रहा फर्जी लोन? पैन कार्ड से घर बैठे ऐसे करें चेक
डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते दौर में फर्जी लोन के मामले भी तेजी से सामने आ रहे हैं. कई बार लोगों के दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर उनके नाम पर लोन ले लिया जाता है.
नई दिल्ली: डिजिटल बैंकिंग ने लोन लेना पहले से कहीं आसान बना दिया है, लेकिन इसके साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले भी बढ़े हैं. कई बार जालसाज किसी व्यक्ति के दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर उसके नाम पर लोन ले लेते हैं और पीड़ित को इसकी जानकारी काफी देर से मिलती है. ऐसी स्थिति में न केवल आर्थिक परेशानी बढ़ सकती है, बल्कि सिबिल स्कोर भी प्रभावित हो सकता है. अगर आप यह जानना चाहते हैं कि आपके नाम पर कोई अनजान लोन तो नहीं चल रहा, तो केवल पैन कार्ड की मदद से घर बैठे इसकी जांच की जा सकती है.
क्रेडिट रिपोर्ट से मिल जाएगी पूरी जानकारी
अपने नाम पर दर्ज लोन की जानकारी देखने के लिए आधिकारिक क्रेडिट ब्यूरो की वेबसाइट का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके अलावा पेटीएम, पैसाबाजार और क्रेड जैसे प्लेटफॉर्म पर भी फ्री क्रेडिट स्कोर और क्रेडिट रिपोर्ट देखने की सुविधा उपलब्ध है. यहां आपके नाम से जुड़े लोन और क्रेडिट कार्ड की जानकारी दिखाई देती है.
पैन कार्ड से ऐसे देखें लोन की हिस्ट्री
क्रेडिट रिपोर्ट देखने के लिए संबंधित पोर्टल पर अपना नाम, मोबाइल नंबर और पैन कार्ड नंबर दर्ज करना होगा. ओटीपी सत्यापन पूरा होने के बाद आपकी क्रेडिट रिपोर्ट स्क्रीन पर खुल जाएगी. इसके बाद 'एक्टिव अकाउंट्स' सेक्शन में जाकर यह जांचें कि वहां दिख रहे सभी लोन और क्रेडिट कार्ड वास्तव में आपके ही हैं या नहीं.
Also Read
- गोरखपुर से 4 ज्योतिर्लिंग और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी दर्शन, IRCTC का स्पेशल पैकेज शुरू; जानें भारत गौरव ट्रेन के बारे में
- 40 की उम्र में नौकरी छोड़ने के बाद भी क्या PF पर रिटायरमेंट तक मिलेगा इंटरेस्ट? जानें EPFO का नियम
- शादी हो या दोस्तों के साथ ग्रुप टूर? ऐसे बुक करें पूरी ट्रेन, जानिए कितना लगेगा खर्च और क्या हैं नियम
संदिग्ध लोन दिखे तो तुरंत उठाएं कदम
अगर रिपोर्ट में ऐसा कोई लोन दिखाई देता है जिसे आपने कभी नहीं लिया, तो इसे गंभीरता से लें. सबसे पहले उस लोन अकाउंट का नंबर और संबंधित बैंक या वित्तीय संस्था का नाम नोट करें. इसके बाद उसी बैंक या संस्था के कस्टमर केयर से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मामले की जांच शुरू हो सके.
साइबर पोर्टल और आरबीआई में भी करें शिकायत
बैंक में शिकायत करने के साथ-साथ भारत सरकार के आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है. इसके अलावा आरबीआई के सचेत पोर्टल पर भी लिखित शिकायत भेजने का विकल्प उपलब्ध है. इससे मामले की जांच संबंधित एजेंसियों तक पहुंचती है और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू होती है.
समय पर जांच से बच सकते हैं बड़ी परेशानी से
फर्जी लोन का समय रहते पता चलने से आगे होने वाले नुकसान से बचा जा सकता है. जांच पूरी होने के बाद संबंधित बैंक और एजेंसियां आवश्यक कार्रवाई करती हैं. यदि धोखाधड़ी की पुष्टि होती है, तो सिबिल स्कोर में सुधार की प्रक्रिया भी अपनाई जाती है. इसलिए समय-समय पर अपनी क्रेडिट रिपोर्ट की जांच करना एक जरूरी सावधानी मानी जाती है.