अब UPI से सीधे निकाल सकेंगे PF का पैसा! जानें कब तक लॉन्च हो सकता है नया सिस्टम

EPFO UPI के जरिए PF की रकम निकालने की सुविधा शुरू करने की तैयारी कर रहा है. प्रस्तावित व्यवस्था में पात्र अंशधारक अपने EPF बैलेंस का 75 प्रतिशत तक निकाल सकेंगे.

Pinterest
Km Jaya

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO अपने अंशधारकों के लिए PF से पैसा निकालने की प्रक्रिया को आसान बनाने की तैयारी कर रहा है. प्रस्तावित व्यवस्था के तहत पात्र अंशधारक UPI के जरिए अपने PF की रकम निकाल सकेंगे. इसके लिए EPFO अपने UAN पोर्टल को UPI से जोड़ने की दिशा में काम कर रहा है. इस सुविधा के दिसंबर 2026 के अंत तक लॉन्च होने की उम्मीद जताई जा रही है.

नौकरीपेशा लोगों के लिए PF की रकम जरूरत के समय काफी मददगार होती है. बच्चों की पढ़ाई, शादी, बीमारी, घर बनाने या किसी अन्य जरूरी खर्च के लिए लोग नियमों के तहत PF से निकासी कर सकते हैं. अभी इसके लिए UAN पोर्टल के जरिए ऑनलाइन क्लेम करना होता है. इसके बाद EPFO क्लेम की जांच करता है और मंजूरी मिलने पर रकम बैंक खाते में भेजी जाती है. इस प्रक्रिया में कुछ समय लग सकता है.

रकम निकालने की सुविधा 

अब EPFO इसी प्रक्रिया को आसान और तेज बनाने की तैयारी में है. रिपोर्ट के मुताबिक, संगठन UPI के जरिए PF निकासी की सुविधा शुरू करने पर काम कर रहा है. इसके लिए बैंकिंग सिस्टम और UPI प्लेटफॉर्म के साथ तकनीकी व्यवस्था तैयार की जा रही है. प्रस्तावित सिस्टम में BHIM, PhonePe और Google Pay जैसे UPI ऐप के जरिए रकम निकालने की सुविधा मिल सकती है. इसके लिए एक नया मोबाइल ऐप लाए जाने की बात भी सामने आई है.


75% तक निकाल सकते हैं PF

प्रस्तावित व्यवस्था में पात्र अंशधारक अपने EPF बैलेंस का अधिकतम 75 प्रतिशत हिस्सा निकाल सकेंगे. यानी PF खाते में जमा पूरी रकम एक साथ निकालने की सुविधा नहीं होगी. करीब 25 प्रतिशत रकम खाते में बनाए रखने का प्रावधान रहेगा. हालांकि, किन परिस्थितियों में कितनी रकम निकाली जा सकेगी, इसकी पूरी जानकारी सुविधा के औपचारिक लॉन्च के समय स्पष्ट होगी.

अभी चल रहा ट्रायल

फिलहाल UPI के जरिए PF निकासी की सुविधा ट्रायल फेज में बताई जा रही है. EPFO इसके लिए बैंकों के साथ मिलकर तकनीकी व्यवस्था पर काम कर रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य PF निकासी की मौजूदा प्रक्रिया को ज्यादा सुविधाजनक बनाना और पात्र अंशधारकों को रकम मिलने में लगने वाले समय को कम करना है.

अगर यह सुविधा लागू होती है, तो PF निकालने के लिए बार-बार अलग प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत कम हो सकती है. हालांकि, UPI से पैसा निकालने के बावजूद अंशधारकों को EPFO के निर्धारित नियमों और पात्रता शर्तों को पूरा करना होगा.

करोड़ों अंशधारकों को मिल सकता है फायदा

रिपोर्ट के अनुसार, EPFO का कुल कोष करीब 26 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. संगठन के पास 30 करोड़ से ज्यादा अंशधारक हैं, जबकि करीब 7.5 करोड़ सक्रिय योगदानकर्ता बताए जाते हैं. UPI के जरिए PF निकासी की सुविधा शुरू होने पर इन सक्रिय अंशधारकों को खास तौर पर फायदा मिलने की उम्मीद है.