PF Interest Update: खाते में ब्याज आया या नहीं? उमंग ऐप से घर बैठे मिनटों में करें चेक
EPFO ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए PF खातों में ब्याज जमा करना शुरू कर दिया है. उमंग ऐप से सदस्य घर बैठे बैलेंस और ब्याज की जानकारी आसानी से देख सकते हैं.
PF खाताधारकों के लिए अच्छी खबर है कि EPFO ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के ब्याज की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अब सदस्य अपने खाते की जानकारी जानने के लिए कार्यालय जाने की जरूरत नहीं है. भारत सरकार के उमंग ऐप की मदद से मोबाइल पर पासबुक और ब्याज का विवरण देखा जा सकता है. यह सुविधा सुरक्षित तरीके से घर बैठे उपलब्ध है और इससे लाखों कर्मचारियों को अपने PF खाते की स्थिति जांचने में काफी ज्यादा सुविधा मिलती.
EPFO ने शुरू किया ब्याज जमा करना
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए PF खातों पर 8.25 प्रतिशत ब्याज जमा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. उम्मीद है कि जुलाई तक अधिकतर सदस्यों के खातों में ब्याज की राशि पहुंच जाएगी. कर्मचारी अपने खाते में जमा रकम की जांच अब ऑनलाइन माध्यम से कर सकते हैं.
उमंग ऐप से मिलेगी पूरी जानकारी
Also Read
उमंग ऐप भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय की ओर से शुरू किया गया एक ऐसा मंच है, जहां कई सरकारी सेवाएं एक जगह मिलती हैं. PF खाताधारक इस ऐप के जरिए अपना बैलेंस, पासबुक और ब्याज जमा होने की जानकारी आसानी से देख सकते हैं.
ऐसे देखें PF ब्याज का विवरण
सबसे पहले अपने मोबाइल में उमंग ऐप डाउनलोड करें. इसके बाद मोबाइल नंबर से पंजीकरण पूरा करें और चार अंकों का एमपिन बनाएं. ऐप खोलने के बाद सभी सेवाओं वाले विकल्प में जाकर EPFO खोजें और एम्प्लॉई सेंट्रिक सर्विसेज पर क्लिक करें.
पासबुक देखने के लिए करें यह काम
EPFO सेवा में जाने के बाद व्यू पासबुक विकल्प चुनें. यहां अपना 12 अंकों का यूएएन नंबर दर्ज करें और ओटीपी के जरिए सत्यापन पूरा करें. सफल लॉगिन के बाद सदस्य अपनी कंपनी की मेंबर ID चुनकर PF पासबुक देख सकते हैं.
PF खाते की जानकारी ऐसे मिलेगी
पासबुक में कर्मचारी हर महीने जमा हुए पीएफ योगदान और खाते में आए ब्याज की जानकारी देख सकते हैं. इससे उन्हें यह पता चल जाता है कि ब्याज की राशि खाते में जुड़ी है या नहीं.
मोबाइल नंबर लिंक होना जरूरी
उमंग ऐप का इस्तेमाल करने के लिए यूएएन और आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर सक्रिय होना जरूरी है. इस सुविधा के जरिए सदस्य पीएफ निकासी के लिए आवेदन करने और क्लेम की स्थिति जानने जैसी सेवाओं का लाभ भी उठा सकते हैं.