EPFO की बड़ी सौगात! 31 लाख निष्क्रिय PF खातों की रकम बिना फॉर्म भरे सीधे बैंक में आएगी, छोटे बैलेंस वाले पहले होंगे लाभान्वित

श्रम मंत्रालय ने EPFO के निष्क्रिय खातों में पड़ी छोटी रकम को बिना किसी आवेदन के सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर करने का फैसला लिया है.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: कई लोग नौकरी बदलने के बाद पुराने PF खाते भूल जाते हैं या छोटी रकम के लिए कागजी झंझट से बचते हैं. नतीजा यह होता है कि लाखों खाते सालों तक निष्क्रिय पड़े रहते हैं. अब कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने ऐसी स्थिति में फंसे लोगों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है. श्रम मंत्रालय की मंजूरी से निष्क्रिय खातों की जमा राशि बिना किसी आवेदन या दस्तावेज के सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई जाएगी.

अकाउंट अगर तीन सालों से है निष्क्रिय?

EPFO के अनुसार, अगर कोई खाता तीन लगातार सालों तक निष्क्रिय रहता है तो उसे इनऑपरेटिव माना जाता है. ऐसे खातों की कुल संख्या 31.86 लाख है, जिनमें कुल 10,903 करोड़ रुपये जमा हैं. इनमें से ज्यादातर खाते नौकरी बदलाव या अन्य कारणों से बंद पड़े हैं. अब सरकार ने फैसला किया है कि छोटी राशि वाले इन खातों को प्राथमिकता देकर रिफंड किया जाए. पायलट चरण में केवल 1000 रुपये या कम बैलेंस वाले खाते शामिल हैं, ताकि प्रक्रिया आसान और तेज हो. 

करीब 7.11 लाख खाता शामिल

पायलट प्रोजेक्ट में करीब 7.11 लाख खातों को शामिल किया गया है, जहां कुल 30.52 करोड़ रुपये पड़े हैं. इन खातों से राशि सीधे आधार से लिंक बैंक खातों में ट्रांसफर होगी. खाताधारकों को कोई फॉर्म भरने, दस्तावेज जमा करने या EPFO कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. विभाग खुद सत्यापन कर पैसा भेजेगा. आधार लिंक्ड खातों में यह प्रक्रिया तुरंत शुरू हो जाएगी, जबकि बाकी के लिए चरणबद्ध तरीका अपनाया जाएगा.  

किनके लिए ज्यादा फायदेमंद

यह फैसला उन लोगों के लिए खास तौर पर फायदेमंद है जो छोटी रकम के लिए क्लेम प्रक्रिया से गुजरना नहीं चाहते. कई बार 1000 रुपये से कम बैलेंस के कारण लोग आवेदन ही नहीं करते. अब EPFO खुद पहल कर रहा है. यदि पायलट सफल रहा तो बाकी 25 लाख से ज्यादा खातों में भी इसी मॉडल से राशि वापस की जाएगी. इससे कुल 10,903 करोड़ रुपये की रकम लोगों तक पहुंच सकेगी. 

EPFO की व्यवस्था और पारदर्शी बनाने का टार्गेट 

श्रम मंत्रालय के इस कदम से EPFO की व्यवस्था और पारदर्शी बनेगी. निष्क्रिय खातों की समस्या लंबे समय से थी, जहां पैसा जमा तो होता था लेकिन उपयोग नहीं. अब डायरेक्ट ट्रांसफर से यह राशि बेकार नहीं रहेगी. लाभार्थियों से अपील है कि वे अपने बैंक खाते और आधार लिंक चेक करें ताकि पैसा सही जगह पहुंच सके. यह योजना लाखों मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी.

भविष्य निधि को और मजबूत बनाने का लक्ष्य

EPFO की यह पहल भविष्य निधि को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम है. छोटे बैलेंस से शुरू कर बड़े खातों तक विस्तार का प्लान है. इससे न केवल लोगों को उनकी मेहनत की कमाई मिलेगी, बल्कि सिस्टम में अनावश्यक जमा भी कम होगा. यदि आपका PF खाता निष्क्रिय है तो जल्द ही आपके बैंक में क्रेडिट देख सकते हैं. सरकार की इस पहल से लाखों लोगों की मुश्किल आसान हो जाएगी.