डायसन ने लॉन्च किया हॉट+कूल एयर प्यूरिफायर, गर्माहट के साथ साफ हवा का वादा
ब्रिटिश टेक्नोलॉजी कंपनी डायसन ने इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए भारत में अपने नए जेनरेशन के हॉट+कूल एयर प्यूरिफायर लॉन्च कर दिए हैं.
नई दिल्ली: भारत के प्रमुख शहरों खासकर दिल्ली में सर्दियों का आगमन होते ही वायु प्रदूषण की समस्या चरम पर पहुंच जाती है. एयर क्वालिटी इंडेक्स की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे हवा में मौजूद जहरीले कण लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन रहे हैं. सांस की बीमारियां, एलर्जी और अन्य श्वसन संबंधी परेशानियां आम हो गई हैं. ऐसे में घरेलू स्तर पर साफ हवा सुनिश्चित करने वाले उपकरणों की मांग तेज हो गई है.
ब्रिटिश टेक्नोलॉजी कंपनी डायसन ने इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए भारत में अपने नए जेनरेशन के हॉट+कूल एयर प्यूरिफायर लॉन्च कर दिए हैं, जो न केवल हवा को शुद्ध करते हैं बल्कि सर्दियों में कमरे को गर्म और गर्मियों में ठंडा भी रखते हैं.
डायसन प्यूरिफायर हॉट+कूल
कंपनी ने दो मॉडल पेश किए हैं - डायसन प्यूरिफायर हॉट+कूल HP2 De-NOx (HP12) और डायसन प्यूरिफायर हॉट+कूल HP1. ये डिवाइस भारत के प्रदूषण भरे मौसम को ध्यान में रखकर डिजाइन किए गए हैं, जहां इनडोर एयर क्वालिटी भी बाहर जितनी ही खराब हो जाती है. डायसन के अनुसार, ये प्यूरिफायर नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (NO2), वाष्पशील कार्बनिक यौगिकों (VOC) और महीन कणों जैसे PM2.5 तथा PM10 को प्रभावी ढंग से हटाने में सक्षम हैं.
क्या है खासियत?
HP2 De-NOx मॉडल में कंपनी का सबसे उन्नत गैस कैप्चर सिस्टम शामिल है, जिसमें नया K-कार्बन फिल्टर लगा है. यह पारंपरिक कार्बन फिल्टर्स की तुलना में 50% अधिक NO2 को अवशोषित करता है और फॉर्मेल्डिहाइड को पूरी तरह नष्ट कर देता है. इसके साथ ही HEPA H13 फिल्टर भी मौजूद है, जो 0.1 माइक्रोन जितने छोटे कणों को भी 99.95% तक पकड़ लेता है. दूसरी ओर, HP1 मॉडल में HEPA H13 और एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर्स का संयोजन है, जो ultrafine कणों, गंधों और घरेलू गैसों को फंसाता है. दोनों ही मॉडल पूरी तरह सीलबंद हैं, जिससे शुद्धिकरण प्रक्रिया के दौरान कोई प्रदूषक लीक न हो सके. प्रत्येक यूनिट को पूर्ण HEPA फिल्ट्रेशन टेस्टिंग से गुजारा जाता है, ताकि प्रदर्शन की गारंटी मिले.
ये प्यूरिफायर डायसन की एयर मल्टीप्लायर टेक्नोलॉजी से लैस हैं, जो प्रति सेकंड 290 लीटर से अधिक की सुगम हवा का प्रवाह सुनिश्चित करती है. 350 डिग्री ऑसिलेशन फंक्शन के साथ ये पूरे कमरे में हवा का संचार करते हैं, जिससे हर कोने तक साफ हवा पहुंचे. सर्दियों में ये हीटर की तरह काम करते हुए लक्षित तापमान को बनाए रखते हैं, जबकि गर्मियों में कूलिंग प्रदान करते हैं. इससे उपयोगकर्ताओं को अलग-अलग उपकरणों की जरूरत नहीं पड़ती.
उपयोगकर्ता इनकी LCD स्क्रीन पर रीयल-टाइम एयर क्वालिटी डेटा देख सकते हैं या MyDyson ऐप के जरिए रिमोट कंट्रोल कर सकते हैं. ऐप में विस्तृत रिपोर्ट्स उपलब्ध हैं, जो धूल, एलर्जेंस और गैसों की निगरानी करती हैं. स्मार्ट सेंसर्स प्रदूषण का पता लगाकर स्वचालित रूप से शुद्धिकरण की सेटिंग्स को एडजस्ट कर देते हैं. इसके अलावा, ये वॉयस असिस्टेंट्स के साथ संगत हैं, जो उपयोग को और आसान बनाते हैं.
कीमत कितनी होगी?
कीमत की बात करें तो HP2 De-NOx मॉडल व्हाइट/गोल्ड और निकल/गोल्ड कलर वेरिएंट्स में 68,900 रुपये में उपलब्ध है, जबकि HP1 मॉडल व्हाइट/सिल्वर और निकल/सिल्वर ऑप्शन्स में 56,900 रुपये का है. ये Dyson की आधिकारिक वेबसाइट Dyson.in, डेमो स्टोर्स और अधिकृत रिटेल पार्टनर्स पर खरीदे जा सकते हैं.