दिल्ली में आज से कई सड़कें रहेंगी व्यस्त, घर से निकलने से पहले जरूर देख लें ट्रैफिक एडवाइजरी
दिल्ली में आज से सड़कों पर निकलने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर चलना पड़ सकता है.
Chhath Puja 2026: दिल्ली में आज से सड़कों पर निकलने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर चलना पड़ सकता है. एक तरफ छठ पूजा की तैयारियों के बीच यमुना घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने वाली है. तो दूसरी ओर भारत मंडपम में 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर की शुरुआत हो रही है. दोनों आयोजनों के कारण राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका है. ऐसे में घर से निकलने से पहले रास्तों की जानकारी लेना जरूरी होगा.
इन प्रमुख सड़कों पर बढ़ सकता है ट्रैफिक
ट्रेड फेयर के चलते भारत मंडपम के आसपास यातायात प्रभावित रहने की आशंका है. मथुरा रोड, भैरों मार्ग, रिंग रोड, शेरशाह रोड, पुराना किला रोड, भगवान दास रोड और तिलक मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ सकता है. इन रास्तों से गुजरने वाले लोगों को पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग चुनने की सलाह दी गई है.
भारत मंडपम जाने के लिए मेट्रो का करें इस्तेमाल
45वां इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 14 से 27 नवंबर तक भारत मंडपम में आयोजित होगा. यहां पहुंचने के लिए सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन सबसे नजदीकी स्टेशन है. 14 से 18 नवंबर तक मेले का समय सुबह 9:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक रहेगा. प्रवेश के लिए गेट नंबर 3, 4, 6 और 10 निर्धारित किए गए हैं. पैदल आने वाले लोग गेट नंबर 1, 4, 6 और 10 का इस्तेमाल कर सकेंगे.
Also Read
कैब और ऑटो के लिए तय किए गए पिकअप पॉइंट
भारत मंडपम आने वाले लोगों के लिए कैब और ऑटो की सुविधा भैरों मार्ग के दोनों ओर उपलब्ध रहेगी. यहां 25 नंबर वाले पिकअप पॉइंट बनाए गए हैं. चालकों को गेट के बाहर वाहन रोककर सवारी बैठाने की अनुमति नहीं होगी. बाहर निकलने के लिए गेट नंबर 1, 4, 7, 9 और 10 का इस्तेमाल किया जा सकेगा. इसलिए मेले में जाने वाले लोग प्रवेश और निकास के रास्तों का ध्यान रखें.
छठ पूजा के कारण इन इलाकों में रहेगा डायवर्जन
15 और 16 नवंबर को छठ पूजा के चलते पूर्वी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली और शाहदरा जिलों में यातायात व्यवस्था प्रभावित रह सकती है. यमुना घाटों और तालाबों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. पूजा की व्यवस्था संभालने के लिए 5,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. शास्त्री पार्क, खजूरी चौक और पुस्ता रोड समेत कई मार्गों पर रूट डायवर्जन किया गया है.
छठ पूजा के लिए यहां मिलेगी पार्किंग की सुविधा
छठ पूजा में शामिल होने वाले लोगों के लिए कुछ स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है. इनमें डीडीए का खुला मैदान, डीएनडी के पास यमुना खादर, नानकसर गुरुद्वारा पार्किंग, खजूरी मेट्रो स्टेशन के पास, साईं भवन के पास और मंडोली टीला स्थित छठ घाट शामिल हैं. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है.