बल्ले-बल्ले! क्या 64% होगा केंद्रीय कर्मचारियों का DA? बढ़ेगी सैलरी, जानें पूरा गणित
केंद्रीय कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते को लेकर एक बार फिर उम्मीदें बढ़ी हैं. जनवरी में DA 60 फीसदी किए जाने के बाद अब जुलाई 2026 के लिए इसमें 3 से 4 फीसदी बढ़ोतरी का अनुमान लगाया जा रहा है.
नई दिल्ली: केंद्रीय कर्मचारियों की नजर इस समय दो बड़े फैसलों पर टिकी है. पहला जुलाई 2026 के लिए महंगाई भत्ते यानी DA में होने वाली संभावित बढ़ोतरी और दूसरा 8वें वेतन आयोग से जुड़ा अपडेट. जनवरी में सरकार ने DA को 58 फीसदी से बढ़ाकर 60 फीसदी किया था. अब जुलाई के लिए इसमें 3 से 4 फीसदी बढ़ोतरी की चर्चा है. अगर 4 फीसदी बढ़ोतरी होती है, तो महंगाई भत्ता 64 फीसदी तक पहुंच सकता है.
केंद्रिय कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले
इस संभावित बढ़ोतरी का सीधा असर कर्मचारियों की सैलरी पर पड़ेगा. हालांकि, अभी जुलाई 2026 के DA Hike को लेकर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. मौजूदा आंकड़ों के आधार पर अलग-अलग रिपोर्ट्स में 3 या 4 फीसदी बढ़ोतरी का अनुमान लगाया जा रहा है. ऐसे में 64 फीसदी DA का आंकड़ा फिलहाल एक संभावित स्थिति है, अंतिम फैसला सरकार के ऐलान के बाद ही साफ होगा.
जनवरी में 2 फीसदी बढ़ा था DA
केंद्र सरकार साल में दो बार महंगाई भत्ते में बदलाव करती है. पहला बदलाव जनवरी और दूसरा जुलाई के लिए होता है. 2026 के पहले संशोधन में 2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई थी, जिसके बाद DA 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो गया. अब जुलाई से दिसंबर की अवधि के लिए इसमें फिर बढ़ोतरी की उम्मीद है. यह बदलाव 1 जुलाई से लागू होने की संभावना बताई जा रही है.
Also Read
महंगाई के आंकड़ों से जुड़ा है अनुमान
जुलाई के DA की गणना औद्योगिक कामगारों के अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक यानी AICPI-IW के आधार पर होती है. सरकार ने अभी इस बढ़ोतरी पर आधिकारिक जानकारी नहीं दी है. उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर 3 से 4 फीसदी बढ़ोतरी का अनुमान सामने आया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीते जुलाई के लिए औद्योगिक महंगाई का आंकड़ा 1.3 फीसदी बढ़कर 153.2 अंक पहुंचा था.
64% DA हुआ तो कितनी बढ़ेगी रकम?
अगर DA 60 से बढ़कर 64 फीसदी होता है, तो 18,000 रुपये बेसिक पे वाले कर्मचारी का DA 10,800 रुपये से बढ़कर 11,520 रुपये हो जाएगा. 25,500 रुपये बेसिक पर यह रकम 15,300 से बढ़कर 16,320 रुपये होगी. वहीं 35,400 रुपये बेसिक पे पर DA 21,240 से बढ़कर 22,656 रुपये और 44,900 रुपये पर 26,940 से बढ़कर 28,736 रुपये हो जाएगा.
8वें वेतन आयोग से भी बड़ी उम्मीदें
8वें वेतन आयोग को लेकर भी कर्मचारियों की उम्मीदें बनी हुई हैं. आयोग के सामने फिटमेंट फैक्टर को 2.57 से बढ़ाकर 3.83 करने की मांग रखी जा रही है. 7वें वेतन आयोग में 2.57 फिटमेंट फैक्टर के बाद न्यूनतम बेसिक सैलरी 7,000 से बढ़कर 18,000 रुपये हुई थी. मौजूदा मांग स्वीकार होने पर 3.833 के हिसाब से न्यूनतम बेसिक 68,940 रुपये होने की गणना सामने आती है. आयोग को रिपोर्ट देने के लिए 18 महीने का समय मिला है, जो मई 2027 में पूरा होगा. इसके बाद सरकार की समीक्षा और फैसले से वेतन-पेंशन में वास्तविक बढ़ोतरी स्पष्ट होगी.