छठ पर बस ऑपरेटरों की मनमानी? एक केबिन का किराया 10 हजार रुपये तक पहुंचा; यात्री बेहाल
छठ पर्व पर घर लौटने की तैयारी कर रहे बिहार और उत्तर प्रदेश के यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. ट्रेनों में सीटें नहीं मिलने के कारण लोग निजी बसों का सहारा ले रहे हैं.
छठ पर्व आते ही देश के अलग-अलग शहरों में रहने वाले बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों की घर वापसी शुरू हो गई है. नौकरी, कारोबार और पढ़ाई के सिलसिले में दूसरे राज्यों में रहने वाले लोग त्योहार मनाने के लिए अपने परिवार के पास पहुंचना चाहते हैं. लेकिन इस बार घर तक पहुंचने का सफर उनकी जेब पर भारी पड़ रहा है. कई मीडिया रिपोर्ट की मानें तो ट्रेनों में टिकट और सीटों की कमी के बीच निजी बस ऑपरेटरों ने किराया काफी बढ़ा दिया है.
सामान्य सीट का किराया भी हुआ दोगुना
आमतौर पर जिस बस सीट के लिए यात्रियों को 1,000 से 1,200 रुपये देने पड़ते थे, अब उसी के लिए करीब 2,000 रुपये तक मांगे जा रहे हैं. त्योहार के कारण बढ़ी मांग के बीच निजी बस ऑपरेटरों ने किराये में भारी बढ़ोतरी कर दी है. सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को हो रही है, जिन्हें परिवार के साथ यात्रा करनी है. उनके लिए टिकट का खर्च कई गुना बढ़ गया है.
एक केबिन के लिए देने पड़ रहे 10 हजार रुपये
स्लीपर बसों में निजी केबिन का किराया भी आसमान छू रहा है. दिल्ली के आनंद विहार इलाके में बिहार जाने वाली बसों के यात्रियों ने बताया कि एक केबिन के लिए उनसे हजारों रुपये वसूले जा रहे हैं. एक यात्री ने बताया कि उसे स्लीपर केबिन के लिए 10 हजार रुपये चुकाने पड़े. वहीं, दूसरे यात्री ने इसी तरह के केबिन के लिए 7 हजार रुपये दिए.
Also Read
किसी ने 6 हजार तो किसी ने 7 हजार चुकाए
एक महिला यात्री ने भी किराये को लेकर अपनी परेशानी बताई. उसके मुताबिक, उसे बस में एक केबिन के लिए 6 हजार रुपये देने पड़े. अलग-अलग यात्रियों की ओर से बताई गई ये रकम दिखाती है कि त्योहार के दौरान बसों में सफर करना कितना महंगा हो गया है. घर पहुंचने की जल्दबाजी और ट्रेन में सीट नहीं मिलने के कारण यात्रियों के पास महंगा किराया चुकाने के अलावा दूसरा रास्ता नहीं बच रहा.
महंगा किराया, फिर भी सुविधाओं की कमी
यात्रियों की परेशानी सिर्फ ज्यादा किराये तक सीमित नहीं है. उनका कहना है कि हजारों रुपये खर्च करने के बाद भी बसों में जरूरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं. सामान रखने के लिए पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण यात्रियों का बैग और अन्य सामान आने-जाने के रास्ते में रखा जा रहा है. इससे बस के भीतर चलने और अपनी सीट तक पहुंचने में भी दिक्कत होती है.
त्योहार की खुशी पर भारी पड़ रहा सफर का खर्च
छठ का पर्व परिवार और अपनों के साथ मनाने की चाह में लोग लंबा सफर करने को तैयार हैं. लेकिन इस बार घर लौटने की कीमत कई यात्रियों के बजट से बाहर होती जा रही है. ट्रेन में टिकट नहीं मिलने पर बस ही विकल्प बचती है और कुछ ऑपरेटर इसी मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं. यात्रियों के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि महंगा किराया देने के बाद भी उन्हें आरामदायक और सुविधाजनक सफर नहीं मिल पा रहा.