आटा-दाल के बाद अब सस्ती दरों पर चावल बेचेगी मोदी सरकार, जानें किस रेट पर मिलेंगे

सस्ता आटा बेचने के बाद अब मोदी सरकार ने महंगाई से त्रस्त जनता को सस्ते चावल मुहैया कराने का फैसला किया है.  भारत ब्रांड के तहत अब सरकार 25 रुपए प्रति किलो के हिसाब से चावल बेचेगी.  

Sagar Bhardwaj

Business News: सस्ता आटा बेचने के बाद अब मोदी सरकार ने महंगाई से त्रस्त जनता को सस्ते चावल मुहैया कराने का फैसला किया है.  भारत ब्रांड के तहत अब सरकार 25 रुपए प्रति किलो के हिसाब से चावल बेचेगी.  चावल के दामों में आई तेजी को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने ये ऐलान किया है. बता दें कि अभी देश में चावल की औसत कीमत 43 रुपए प्रति किलो है. 

Nafed, NCCF और केंद्रीय भंडार आउटलेट पर मिलेगा सस्ता चावल

यह चावल भारतीय नेशनल एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (Nafed), नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन (NCCF) और केंद्रीय भंडार आउटलेट के माध्यम से बेचा जाएगा.

27 रुपए किलो आटा भी दे रही मोदी सरकार

इससे पहले सरकार ने 6 नवंबर 2023 को भारत आटा लांच किया था. सरकार 27.50 रुपए किलो के हिसाब से जनता को इस आटे को उपलब्ध करा रही है. इस आटे को 10 किलो और 30 किलो के पैक में उपलब्ध कराया जा रहा है. गेहूं की बढ़ती कीमतों के कारण सरकार ने यह फैसला लिया था. बता दें कि देश में फिलहाल आटे की औसत कीमत 35 रुपए किलो है.

नवंबर में बढ़ी खुदरा महंगाई

गौरतलब है कि नवंबर में अनाज की कीमतें बढ़कर 10.27 फीसदी हो गई जो  पिछले महीने 6.61 फीसदी पर थीं. जबकि खुदरा महंगाई तीन महीने की गिरावट के साथ नवंबर में बढ़कर 5.55% पर पहुंच गई थी.