Average Flat Size in India: देश में लोगों को अब बड़े घर पसंद आ रहे हैं. यह खुलासा हाल ही में आई एक रिपोर्ट में हुआ है. इसमें कहा गया है कि इस साल देश में घरों के औसत साइज में वृद्धि दर्ज की गई है. भारत के सात बड़े शहरों में घरों के औसत साइज में 11 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है.
इस रिपोर्ट को एनारॉक प्रॉपर्टी कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड ने तैयार किया है. इसके मुताबिक, पिछले साल के दौरान देश के सात सबसे बड़े शहरों में घरों का औसत साइज 2022 में जहां 1175 वर्ग फीट था जो 2023 में बढ़कर 1300 वर्गफीट हो गया. इस दौरान मुंबई, कोलकाता जैसे शहरों में घरों का साइज जहां कम हुआ है. वहीं, दिल्ली, हैदराबाद और चेन्नई और पुणे जैसे शहरों में घरों का आकार बढ़ा है.
घर के मौजूदा साइज को देखें तो हैदराबाद में बड़े घर सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं. हैदराबाद में अभी घरों का औसत साइज 2300 वर्ग फीट है. इसके बाद दिल्ली एनसीआई है. यहां घर का औसत साइज 1890 वर्गफीट हो गया है. बेंगलुरू में औसत साइज 1,484 वर्ग फीट है, जबकि चेन्नई में यह 1,260 वर्ग फीट है. वहीं, पुणे में घरों का औसत आकार 1,086 स्क्वेयर फीट है.
इस अवधि के दौरान मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में घरों का औसत आकार 5 फीसदी कम होकर 795 वर्ग फीट रह गया है. एक साल पहले यह औसत 840 वर्ग फीट का था. ऐसे ही कोलकाता के घरों का औसत आकार 1150 वर्ग फीट से कम होकर 1124 वर्ग फीट रह गया है.