जून का महीना खत्म होने वाला है और इसके साथ ही 1 जुलाई से कई नए नियम लागू होने की तैयारी है. हर महीने की तरह इस बार भी कई वित्तीय और सरकारी सेवाओं से जुड़े बदलाव आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर असर डाल सकते हैं. अगर आप आधार कार्ड अपडेट कराने, आयकर रिटर्न भरने, गैस कनेक्शन, पासपोर्ट बनवाने या क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं तो इन बदलावों की जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है.
1 जुलाई से आधार कार्ड में ईमेल अपडेट करना पहले से आसान हो जाएगा. अब आधार ऐप के जरिए ईमेल आईडी मुफ्त में अपडेट की जा सकेगी. पहले इसके लिए 75 रुपये का शुल्क देना पड़ता था. इससे लाखों आधार धारकों को राहत मिलने की उम्मीद है.
भारतीय रेलवे बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्ती बढ़ाने की तैयारी में है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जुर्माने की राशि बढ़ाई जा सकती है. इसके साथ ही रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में अनुशासन बनाए रखने के लिए भी नए नियम लागू किए जा सकते हैं.
जिन उपभोक्ताओं के पास एलपीजी और पीएनजी दोनों कनेक्शन हैं, उनके लिए पीएनजी में शिफ्ट होने की समय सीमा 30 जून तक तय की गई थी. इसके बाद नए नियम लागू हो सकते हैं. हालांकि गैस सप्लाई बंद करने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में हालात सामान्य होने के बाद घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद भी जताई जा रही है.
वित्त वर्ष 2025 से 26 के लिए आईटीआर 1 और आईटीआर 2 दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 तय की गई है. समय पर रिटर्न दाखिल नहीं करने पर जुर्माना लग सकता है और कुछ कर लाभ भी प्रभावित हो सकते हैं. इसलिए टैक्सपेयर्स को समय रहते अपना रिटर्न दाखिल कर देना चाहिए.
1 जुलाई से सामान्य और तत्काल दोनों श्रेणी के पासपोर्ट आवेदकों के लिए सर्विस फीस बढ़ाई जा सकती है. ऐसे में नया पासपोर्ट बनवाने या रिन्यू कराने वालों को पहले के मुकाबले अधिक शुल्क देना पड़ सकता है.
एसबीआई कार्ड और एचडीएफसी बैंक अपने कुछ क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव करने जा रहे हैं. कुछ कार्डों पर रिवॉर्ड पॉइंट मिलने की शर्तें बदलेंगी, जबकि एचडीएफसी कार्डधारकों को घरेलू एयरपोर्ट लाउंज सुविधा का लाभ लेने के लिए तय खर्च की शर्त पूरी करनी होगी.
सरकार जल्द ही ईपीएफओ 3.0 लॉन्च कर सकती है. इसके लागू होने के बाद कर्मचारियों को यूपीआई और एटीएम के जरिए भविष्य निधि का पैसा निकालने जैसी सुविधाएं मिलने की संभावना है. इससे करोड़ों कर्मचारियों के लिए पीएफ सेवाएं पहले से अधिक आसान हो जाएंगी.
जुलाई की शुरुआत के साथ कई ऑटोमोबाइल कंपनियां अपनी कारों की कीमतें बढ़ाने जा रही हैं. किआ अपनी कारों की कीमतों में करीब 2 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करेगी, जबकि टाटा मोटर्स भी अपने पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक मॉडल्स की कीमतों में बढ़ोतरी करने की तैयारी में है. ऐसे में नई कार खरीदने की योजना बना रहे लोगों को अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है.