Happy Birthday YouTube: 19 साल का हुआ यूट्यूब, देखें कब अपलोड हुई थी पहली वीडियो
YouTube Turns 19: वीडियो प्लेटफॉर्म यूट्यूब आज 19 साल का हो गया है। इसकी शुरुआत कब हुई थी और इसका पहला वीडियो क्या अपलोड किया गया था, चलिए जानते हैं।
YouTube के बारे में आप सभी जानते हैं. गानें हो या मूवीज या कोई स्टडी मैटेरियल, यहां सबकुछ मिल जाता है. यह प्लेटफॉर्म सिर्फ एक एंटरटेनमेंट का ही जरिया नहीं रह गया है, बल्कि यहां से लोग पढ़ाई भी करने लगे हैं. इसके अलावा YouTube लोगों की कमाई का भी जरिया बन चुका है. जहां आज यह प्लेटफॉर्म लोगों को पहचान दिलाने में मदद कर रहा है, वहीं कुछ साल पहले तक इसे कोई जानता ही नहीं था.
आज से 19 साल पहले किसी को यह नहीं पता था कि YouTube इतना बड़ा प्लेटफॉर्म बन जाएगा. क्या आपने कभी यह जानने की कोशिश की है कि आखिर YouTube की शुरुआत कब और कहां से हुई थी? अगर नहीं, तो आपको बता दें कि YouTube की शुरुआत 14 फरवरी 2005 को हुई थी. इस हिसाब से इस प्लेटफॉर्म का आज 19वां जन्मदिन है. YouTube किसने शुरू किया था, गूगल ने इसे कब खरीदा और पहला वीडियो कौन-सा अपलोड किया गया था, चलिए जानते हैं विस्तार से…
किसने की थी YouTube की शुरुआत:
YouTube को 14 फरवरी 2005 में चाड हर्ले, स्टीव चैन, और जावेद करीम ने शुरू किया था. यह सभी PayPal के एक्स-इंप्लॉय थे. इस प्लेटफॉर्म को बनाने का का उद्देश्य यह था कि कोई भी व्यक्ति आसानी से वीडियो अपलोड कर पाए, देख पाए और शेयर भी कर पाए.
पहला वीडियो कब हुआ था अपलोड:
प्लेटफॉर्म पर पहला वीडियो 23 अप्रैल 2005 को अपलोड किया गया था. इस वीडियो का नाम "Me at the zoo" था. यह 19 सेकेंड की वीडियो है जिसमें YouTube के को-फाउंडर जावेद करीम थे. उस समय इनकी उम्र 25 साल थी. इस वीडियो में वो कैलिफोर्निया के सैन डिएगो जूम में दो हाथियों के सामने खड़े थे.
गूगल ने कब खरीदा था YouTube:
YouTube को गूगल ने 9 अक्टूबर 2006 को खरीदा था. गूगल ने इस वीडियो प्लेटफॉर्म को 1.65 अरब डॉलर में खरीदा था.