अब YouTube पर सिर्फ वीडियो नहीं, दोस्तों से होगी सीधी बातचीत भी; नया फीचर बदल सकता है पूरा अनुभव!
यूट्यूब ने अपने इन-एप वीडियो शेयरिंग और मैसेजिंग फीचर का विस्तार 40 देशों तक कर दिया है. इस सुविधा के जरिए 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के यूजर्स सीधे YouTube ऐप के भीतर वीडियो शेयर करने और चैट करने में सक्षम होंगे.
यूट्यूब अपने यूजर्स के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए लगातार नए बदलाव कर रहा है. इसी दिशा में कंपनी ने एक ऐसे फीचर का विस्तार किया है, जो वीडियो देखने के साथ-साथ बातचीत को भी आसान बना देगा. अब यूजर्स को वीडियो साझा करने के लिए हर बार किसी दूसरे मैसेजिंग ऐप का सहारा नहीं लेना पड़ेगा.
कंपनी के मुताबिक, यह सुविधा 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के उन यूजर्स के लिए उपलब्ध होगी, जिन्होंने अपने यूट्यूब अकाउंट में साइन-इन किया हुआ है. इस फीचर का उद्देश्य वीडियो शेयरिंग को अधिक सरल और प्लेटफॉर्म के भीतर ही बनाए रखना है.
अब 40 देशों में उपलब्ध हुई नई सुविधा
यूट्यूब ने अपने इन-एप मैसेजिंग और वीडियो शेयरिंग फीचर को अमेरिका, ब्रिटेन, ब्राजील, इटली, सिंगापुर समेत 40 देशों में उपलब्ध कराने की घोषणा की है. इससे पहले यह सुविधा केवल आयरलैंड और पोलैंड में परीक्षण के तौर पर दी गई थी. नए विस्तार के बाद बड़ी संख्या में यूजर्स इस फीचर का लाभ उठा सकेंगे.
Also Read
वीडियो देखते-देखते कर सकेंगे बातचीत
इस सुविधा की खास बात यह है कि यूजर्स किसी वीडियो को शेयर करने के साथ उसी पर बातचीत भी कर सकेंगे. Shorts, लाइव स्ट्रीम और सामान्य वीडियो सभी इस फीचर के दायरे में आते हैं. वीडियो देखते समय यूजर्स अपने रिएक्शन साझा कर सकते हैं और रियल-टाइम में चर्चा भी कर सकते हैं.
ऐसे काम करेगा नया मैसेजिंग सिस्टम
किसी वीडियो को साझा करने के लिए यूजर को Share बटन पर टैप करना होगा और फिर अपने कॉन्टैक्ट का चयन करना होगा. यदि सामने वाला व्यक्ति पहले से जुड़ा नहीं है, तो उसे यूट्यूब पर चैट के लिए इनविटेशन भेजा जा सकता है. इनविटेशन स्वीकार होने के बाद दोनों यूजर्स सीधे प्लेटफॉर्म पर वीडियो और मैसेज साझा कर सकेंगे.
लेटेस्ट ऐप वर्जन होना जरूरी
इस सुविधा का उपयोग करने के लिए यूजर्स के स्मार्टफोन में यूट्यूब ऐप का नया वर्जन होना आवश्यक है. कंपनी ने कहा है कि वह नए बाजारों से मिलने वाले फीडबैक पर नजर रख रही है और भविष्य में इस फीचर का दायरा और बढ़ाया जा सकता है. इससे यूट्यूब केवल वीडियो देखने का प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि बातचीत और साझा अनुभव का भी माध्यम बनता जा रहा है.