WhatsApp Web में आया ग्रुप वॉइस और वीडियो कॉल फीचर, अब ब्राउजर में भी कर सकेंगे 32 लोगों से बात
WhatsApp Web पर एक कमाल का फीचर आ गया है, जिसके जरिए आप एक बार में 32 लोगों को कॉल कर पाएंगे. जानिए इस फीचर के बारे में सबकुछ.
नई दिल्ली: व्हाट्सएप वेब यूज करने वालों के लिए बहुत बड़ी अच्छी खबर है. पहले व्हाट्सएप वेब पर सिर्फ एक-एक व्यक्ति से वॉइस या वीडियो कॉल की जा सकती थी, लेकिन अब ग्रुप वॉइस और वीडियो कॉल की सुविधा भी शुरू हो गई है. यह फीचर अभी कुछ बीटा टेस्टर यूजर्स को मिल रहा है. जल्द ही सभी यूजर्स को उपलब्ध होने वाला है.
ग्रुप चैट में अब आपको कॉल बटन दिखाई देगा. उस पर क्लिक करके आप वॉइस या वीडियो कॉल चुन सकते हैं. जरूरी नहीं कि पूरे ग्रुप को कॉल पर एक साथ जोड़ा जाए. आप अपनी मर्जी से कुछ चुनिंदा लोगों को ही कॉल पर शामिल कर सकते हैं.
जानें व्हाट्सऐप वेब के इस फीचर के बारे में:
इस फीचर के तहत 32 लोगों को एक साथ कॉल किया जा सकता है. यह फीचर मोबाइल और डेस्कटॉप ऐप जैसा ही है. कॉल लिंक की सुविधा भी उपलब्ध होगी. आप एक लिंक बनाकर शेयर कर सकते हैं. जिसके पास लिंक होगा, वह कॉल में शामिल हो सकता है. बता दें कि यह लिंक 30 दिनों बाद एक्सपायर हो जाता है. होस्ट को कंट्रोल है, वह वेटिंग रूम से लोगों को एक-एक करके अंदर ले सकता है.
Also Read
स्क्रीन शेयरिंग की भी मिलेगी सुविधा:
वीडियो कॉल के दौरान स्क्रीन शेयरिंग की भी सुविधा दी जा रही है. आप अपनी स्क्रीन दूसरों को दिखा सकते हैं, जिसमें प्रेजेंटेशन, डॉक्यूमेंट या वेबपेज दिखाना आदि शामिल हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि पूरी कॉल एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन के साथ सुरक्षित रहेगी. ऐसे में आपकी बातचीत कोई बाहर का व्यक्ति न तो सुन पाएगा और इदेख पाएगा.
किन लोगों के लिए है ये फीचर मददगार:
यह अपडेट उन लोगों के लिए बहुत काम का है जो लैपटॉप या कंप्यूटर पर व्हाट्सएप वेब इस्तेमाल करते हैं. खासकर ऑफिस वर्क, ऑनलाइन मीटिंग, पढ़ाई या फैमिली ग्रुप कॉल के लिए अब ब्राउजर में ही सब कुछ आसान हो गया है. लिनक्स यूजर्स के लिए तो यह और भी जरूरी अपडेट है. बता दें कि अब आपको हमेशा मोबाइल फोन निकालने की जरूरत नहीं पड़ेगी. व्हाट्सएप वेब अब एक पूरा कम्युनिकेशन टूल बन गया है. जल्द ही सभी यूजर्स को यह फीचर मिलने वाला है.