पोलिंग बूथ या वोटिंग में हो रही गड़बड़ी की तुरंत करें शिकायत, बड़े काम की है ये ऐप
cVIGIL App: cVIGIL ऐप के बारे में अगर आपने नहीं सुना है तो यहां हम आपको इसके बारे में बता रहे हैं. इस ऐप को कैसे इस्तेमाल करना है और इससे आप कैसे शिकायत दर्ज कर सकते हैं, चलिए जानते हैं.
cVIGIL App: लोकसभा चुनाव 2024 का ऐलान हो चुका है. इसे 7 चरणों में पूरा किया जाएगा. जहां चुनावों को लेकर नेता अपनी तैयारी कर रहे हैं. वहीं, इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया ने अपने cVIGIL ऐप में भी कई बदलाव किए हैं. अब इस ऐप के जरिए मतदाता उनके चुनावी क्षेत्र में हो रही किसी भी गड़बड़ी को लेकर शिकायत दर्ज कर पाएंगे. ऐसा कहा गया है कि जब मतदाता शिकायत करेंगे तो उसके 100 मिनट के अंदर ही उसे सॉल्व किया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी. सिर्फ यही नहीं, आप यहां से शिकायत दर्ज करते समय फोटो और वीडियो भी अपलोड कर पाएंगे.
कैसी करती है यह ऐप काम: इस ऐप को इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया ने डेवलप किया है. इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है. गूगल प्ले स्टोर पर इसके डाउनलोड 1 मिलियन से ज्यादा हैं. यह ऐप एप्पल ऐप स्टोर पर भी उपलब्ध है. इस ऐप को ओपन करें. फिर जहां आपको गड़बड़ी लग रही है वहां कि फोटो या वीडियो रिकॉर्ड कर अपलोड करें. यहां से शिकायत करते समय आप यह भी जानकारी दे सकते हैं कि किस चुनावी क्षेत्र में गड़बड़ी हुई है.
अगर आपको लगता है कि आपके चुनावी क्षेत्र में गड़बड़ चल रही है तो उसे लेकर आपको पूरी जानकारी देनी होगी. पूरी जानकारी देकर शिकायत सबमिट कर दें. यहां से यह भी चेक किया जा सकेगा कि आपकी शिकायत पर कोई कार्रवाई हुई है या नहीं.
cVIGIL ऐप पर दायर की गई शिकायतें:
हाल ही में तिरुवनंतपुरम में इस ऐप के जरिए 1,07,202 शिकायतें मिली हैं. यह डाटा इलेक्शन नोटिफिकेशन जारी होने के बाद 16 मार्च से 7 अप्रैल तक का है. इनमें से 1,05,356 वैध शिकायतों पर कार्रवाई की गई. वहीं, 183 पर कार्रवाई जारी है. इनमें अनऑथराइज्ड पोस्टर, बैनर, बोर्ड समेत कई तरह की शिकायतें शामिल थीं.