Phone Charging Tips: सर्दियों में रजाई के अंदर चार्ज करते हैं फोन? पड़ सकता है भारी

ठंड में रजाई के अंदर फोन चलाना और उसी के नीचे चार्जिंग करना आम आदत बन गई है. लंबे समय तक ऐसा करने से ओवरहीटिंग, बैटरी खराब होने और आग लगने का खतरा बढ़ सकता है.

Pinterest
Reepu Kumari

Phone Charging Tips: सर्दियों में रजाई से बाहर निकलने का मन कम ही करता है. ऐसे में लोग बिस्तर पर लेटे लेटे फोन चलाते हैं और बैटरी कम होने पर उसे पास में ही चार्जिंग पर लगा देते हैं. कई बार फोन तकिए या कंबल के नीचे ही पड़ा रहता है. यह आदत देखने में भले ही सामान्य लगे, लेकिन इसके पीछे बड़ा खतरा छिपा हो सकता है. चार्जिंग के दौरान फोन गर्म होता है और उसे ढककर रखने से गर्मी बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिलता. इसलिए कुछ सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है.

रजाई के अंदर क्यों बढ़ जाता है खतरा?

स्मार्टफोन चार्ज होते समय उसकी बैटरी में रासायनिक प्रक्रिया चलती है, जिससे कुछ गर्मी पैदा होती है. फोन का डिजाइन इस तरह होता है कि वह अपनी बॉडी के जरिए इस गर्मी को आसपास की हवा में छोड़ सके. लेकिन जब फोन को मोटी रजाई, कंबल या तकिए के नीचे रख दिया जाता है, तो हवा का प्रवाह रुक सकता है. इससे डिवाइस का तापमान सामान्य से ज्यादा बढ़ने की आशंका रहती है.

ओवरहीटिंग से बैटरी को हो सकता है नुकसान

फोन का लगातार ज्यादा गर्म रहना उसकी बैटरी के लिए ठीक नहीं है. खासकर फास्ट चार्जिंग के दौरान तापमान बढ़ने की आशंका रहती है. अगर फोन को ढककर चार्ज किया जाए तो गर्मी और बढ़ सकती है. लिथियम आयन बैटरी के अत्यधिक गर्म होने पर उसमें खराबी आने, फूलने और दुर्लभ मामलों में आग लगने जैसी घटनाएं हो सकती हैं. इसलिए इस खतरे को हल्के में नहीं लेना चाहिए.


महंगे फोन के दूसरे हिस्सों पर भी असर

बार बार ओवरहीटिंग होने से स्मार्टफोन की बैटरी की क्षमता प्रभावित हो सकती है. इसका असर फोन के बैकअप पर भी दिखाई दे सकता है. इसके अलावा लगातार ज्यादा तापमान में रहने से डिवाइस के दूसरे इलेक्ट्रॉनिक हिस्सों पर भी दबाव पड़ता है. फोन का बार बार गर्म होना, अचानक बंद होना या चार्जिंग में परेशानी आना ऐसी स्थितियां हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.

चार्जिंग के लिए कैसी जगह चुनें?

फोन चार्ज करते समय उसे हमेशा किसी सख्त, सपाट और खुली जगह पर रखें. लकड़ी की टेबल या किसी साफ सतह का इस्तेमाल किया जा सकता है. फोन को बिस्तर, सोफे, तकिए या रजाई के नीचे रखकर चार्ज करने से बचें. इससे डिवाइस के आसपास हवा का प्रवाह बना रहता है और गर्मी बाहर निकलने में मदद मिलती है. चार्जिंग के दौरान फोन को ढककर न रखें.

इन बातों का भी रखें खास ध्यान

चार्जिंग के समय अच्छी गुणवत्ता वाले और कंपनी के सुझाए गए चार्जर व केबल का इस्तेमाल करें. खराब या नकली चार्जर से बचें. अगर फोन का बैक कवर बहुत मोटा है और डिवाइस असामान्य रूप से गर्म हो रहा है, तो चार्जिंग के दौरान कवर हटाया जा सकता है. फोन बहुत ज्यादा गर्म लगे तो चार्जिंग रोक दें और उसे ठंडा होने दें. रात में फोन को बिस्तर पर रखकर चार्ज न करें.