पिंक कलर में आएगा Nothing Phone 4a, लॉन्च से पहले डिटेल्स हुईं लीक
Nothing Phone 4a को भारत में 5 मार्च को लॉन्च किया जाएगा. फोन के लॉन्च से पहले इसके पिंक कलर वेरिएंट को टीज किया गया है.
नई दिल्ली: स्मार्टफोन निर्माता कंपनी नथिंग कुछ दिन में अपना Phone 4a लॉन्च करने जा रहा है. इस फोन को 5 मार्च को लॉन्च किया जाएगा और इसे ऑफिशियल लॉन्च से पहले कंपनी ने फोन के पिंक कलर वेरिएंट को टीज किया है. इससे पहले फोन का व्हाइट कलर टीज किया गया था. कंपनी ने इसके ट्रांसपेरेंट रियर पैनल और सिग्नेचर लाइटिंग इंटरफेस की भी पुष्टि की है, जो देखने में काफी प्रीमियम लुक देती है.
नए कलर के साथ नथिंग ने भारत के लिए चिपसेट ब्रांडिंग और उपलब्धता की डिटेल्स भी लॉन्च से पहले कंफर्म कर दी थीं. इस फोन को बेहतर और अपग्रेडेड हार्डवेयर समेत शानदार डिजाइन के साथ लॉन्च किए जाने की उम्मीद है.
नथिंग Phone 4a को पिंक कलर में किया जाएगा लॉन्च:
कंपनी ने बताया है कि नथिंग Phone 4a को व्हाइट के अलावा पिंक कलर में भी उपलब्ध कराया जाएगा. इसकी फिनिश काफी प्रीमियम होगी. देखा जाए तो यह पहली बार है जब कंपनी पिंक कलर को लाइनअप में उपलब्ध करा रही है. यह कलर आर्ट, फैशन और पॉप कल्चर से प्रभावित एक ज्यादा एक्सप्रेसिव डिजाइन डायरेक्शन को दिखाता है.
बता दें कि नथिंग ने लंदन और बेंगलुरु में थीम वाली प्रमोशनल एक्टिविटीज भी आयोजित की थीं. Phone 4a में क्या-कुछ दिया जाएगा, इसकी पूरी जानकारी 5 मार्च को कंपनी के Built Different लॉन्च इवेंट में दी जाएगी.
Nothing Phone 4a के संभावित फीचर्स:
इसमें एक पिल-शेप्ड मॉड्यूल दिया जाएगा. इस फोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया जाएगा. इसके साथ ही LED फ्लैश कैमरा यूनिट भी दी जा सकती है. इससे पहले के मॉडल्स की बात करें तो इनमें ट्रांसपेरेंट बैक डिजाइन दिया गया है, जो नए मॉडल में भी दिया जा सकता है. इसके साथ ही फोन 4ए में नया Glyph Bar नोटिफिकेशन सिस्टम दिया जा सकता है. इसके साथ ही पावर और वॉल्यूम बटन राइट साइड और एक अन्य बटन लेफ्ट साइड दिया गया होगा.
खबरों के अनुसार, यह फोन क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 7s जेन 4 प्रोसेसर के साथ पेश किया जा सकता है. इसके साथ ही 50 वॉट फास्ट चार्जिंग वाला 5400 एमएएच की बैटरी और 6.7 इंच का एमोलेड डिस्प्ले दिए जाने की उम्मीद है. रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फोन भारत में फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध कराया जाएगा.