FIFA World Cup 2026

Wi-Fi या मोबाइल डाटा: बैटरी खाने में कौन आगे? जानकर चौंक जाएंगे आप

क्या आप जानते हैं कि फोन में मोबाइल डाटा और वाई-फाई में से कौन सबसे ज्यादा बैटरी खर्च करता है? अगर नहीं, तो यहां हम आपको इसके बारे में बता रहे हैं.

AI
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: स्मार्टफोन हमारे दिन के सभी डिजिटल काम को आसानी से संभाल सकते हैं. चाहें हमें किसी को कॉल करना हो या मैसेज, फोन के जरिए हर काम आसान से हो जाता है. चाहे आप सोशल मीडिया स्क्रॉल कर रहे हों या कोई वीडियो देख रहे हों, लगभग हर काम के लिए आपको एक स्टेबल कनेक्शन की जरूरत तो होती ही है. कई बार आपके फोन में वाई-फाई कनेक्ट होता है, लेकिन अस्थिर कनेक्शन की वजह से आप इंटरनेट को बार-बार मोबाइल डाटा पर स्विच करते रहते हैं. 

आपको एक स्टेबल इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत होती है. हममें से ज्यादातर लोग बिना ज्यादा सोचे-समझे वाई-फाई और मोबाइल डेटा के बीच स्विच करते रहते हैं. लेकिन यह कम लोगों को पता होता है कि इसमें कितने बैटरी खर्च होती है. यहां हम आपको बताएंगे कि मोबाइल डाटा और वाई-फाई में से कौन-सा बेहतर ऑप्शन है, जो बैटरी कम खर्च करता है. 

मोबाइल डाटा ज्यादा बैटरी खर्च करता है: 

बता दें कि कई तरह के बैटरी टेस्ट किए गए हैं, जिससे पता चलता है कि मोबाइल डाटा वाई-फाई की तुलना में बैटरी तेजी से खर्च करता है. 4G या 5G नेटवर्क पर ब्राउजिंग में आमतौर पर अच्छे वाई-फाई कनेक्शन की तुलना में 50 से 120 प्रतिशत ज्यादा एनर्जी खर्च होती है. यह भी देखा गया है कि वाई-फाई का इस्तेमाल करते हुए फोन की बैटरी डाटा की तुलना में कहीं ज्यादा चल सकती है. 


मोबाइल डाटा ज्यादा पावर क्यों खर्च करता है?

सिग्नल की दूरी: वाई-फाई राउटर आमतौर पर आपके घर या ऑफिस में ही होते हैं, इसलिए आपका फोन उनसे आसानी से कनेक्ट हो जाता है. वहीं, सेल टावर से फोन का कनेक्ट होना एक बड़ी प्रक्रिया है. सेल टावर तक सिग्नल भेजने के लिए ज्यादा मेहनत लगती है. साथ ही कनेक्शन बनाए रखने के लिए ज्यादा पावर खर्च होती है.

कमजोर नेटवर्क सिग्नल: आपने कई बार यह ध्यान दिया होगा कि जब आप बेसमेंट, लिफ्ट आदि में होते हैं, तो आपकी मोबाइल बैटरी तेजी से खत्म हो जाती है. जब आपके फोन को सिग्नल नहीं मिलता है, तो बेहतर सिग्नल के लिए फोन लगातार स्कैनिंग करता है और बैटरी को तेजी से खत्म करता है. 

क्या वाई-फाई हमेशा बेहतर होता है?

ज्यादातर मामलों में इसका जवाब हां ही होता है. मजबूत वाई-फाई नेटवर्क और स्टेबल इंटरनेट कनेक्शन आपके स्मार्टफोन की बैटरी पर कम दबाव डालता है. हालांकि, अगर आपके फोन में वाई-फाई सिग्नल कम आते हैं तो आपका स्मार्टफोन कनेक्शन उसकी स्कैनिंग करता रहता है, जिससे जिससे बैटरी थोड़ी तेजी से खत्म हो सकती है. लेकिन ओवरऑल बैटरी कम खर्च करने के लिए वाई-फाई ही बेहतर ऑप्शन होता है. 

बैटरी बचाने के लिए कुछ आसान टिप्स: 

  • मोबाइल डाटा की जगह वाई-फाई का इस्तेमाल करें.

  • जब सिग्नल कमजोर हो, तो मोबाइल डाटा बंद कर दें.

  • अगर आपको बहुत तेज स्पीड की जरूरत नहीं है, तो 5G बंद कर दें.

  • जब आस-पास कोई भरोसेमंद नेटवर्क न हो, तो वाई-फाई बंद कर दें.

  • अपने स्मार्टफोन का सॉफ्टवेयर रेगुलर अपडेट करते रहें.