Ola ने चोरी करके बना लिया अपना मैप? जानिए किस कंपनी ने कोर्ट तक घसीट लिया
Ola Maps: सीई इंफो सिस्टम्स ने ओला के खिलाफ मुकदमा दायर किया है. इसमें कहा गया है कि ओला ने उनकी कंपनी के डाटा को कॉपी किया है और लाइसेंस्ड प्रोडक्ट को रिवर्स इंजीनियर किया है. इस मामले को लेकर ओला के फाउंडर और सीईओ का क्या कहना है, चलिए जानते हैं.
Ola Maps: MapMyIndia की पैरेंट कंपनी सीई इंफो सिस्टम्स ने ओला इलेक्ट्रिक पर मुकदमा दायर किया है. इसमें आरोप लगाया गया है कि ओला ने उसके डाटा की नकल की है और लाइसेंस्ड प्रोडक्ट को रिवर्स इंजीनियर किया है. कंपनी का कहना है कि ओला ने MapMyIndia के डाटा को कैश और सेव किया है. सिर्फ यही नहीं, इनके पास फोर्ब्स इंडिया द्वारा एक्सेस किया गया एक कानूनी डॉक्यूमेंट है जिसे लेकर कंपनी दावा कर रही है कि ओला की कार्रवाइयां 2021 के समझौते की शर्तों का उल्लंघन करती हैं और इससे उसके बिजनेस को काफी नुकसान हुआ है.
इस मामले को लेकर ओला के फाउंडर और सीईओ भाविश अग्रवाल ने जवाब दिया है. उन्होंने कहा है "यह इस बारे में (कानूनी नोटिस) बात करने के लिए सही जगह नहीं है. यह आईपीओ चर्चा का हिस्सा नहीं है." बता दें कि यह मामला भाविश अग्रवाल द्वारा की गई एक घोषणा के कुछ हफ्तों बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि ओला गूगल मैप्स का साथ छोड़ रहा है और कंपनी अब अपने ओला मैप्स पर काम करेगी.
ओला ने मैप्स का खर्च किया शून्य:
अग्रवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "पिछले महीने एज्योर से बाहर निकलने के बाद, अब हमने गूगल मैप्स को पूरी तरह से बंद कर दिया है. हम सालाना 100 करोड़ रुपये खर्च करते थे, लेकिन हमने इस महीने पूरी तरह से अपने इन-हाउस ओला मैप्स पर जाकर इस खर्च को शून्य कर दिया है."
कुछ समय पहले गूगल ने मैप्स एपीआई में कीमतों में कटौती की थी. इसके बाद अग्रवाल ने गूगल की आलोचना करते हुए कहा था, "#ExitGoogleMaps के बाद @googlemaps के लिए कीमतें कम करना, आपकी झूठी उदारता की जरूरत नहीं है!"