Lenovo Yoga Tab Plus Review: प्रोडक्टिव लोगों के लिए परफेक्ट है ये टैबलेट, पढ़ें फुल रिव्यू
Lenovo Yoga Tab Plus Review: अगर आप अपने लिए एक नया टैबलेट खरीदने का प्लान कर रहे हैं, तो यहां जरूर पढ़ें Lenovo Yoga Tab Plus का फुल रिव्यू…
Lenovo Yoga Tab Plus Review: अगर आपको हमेशा प्रोडक्टिव रहना पसंद है और सदिन हमेशाम काम, ईमेल और दिन की प्लानिंग के बीच ही बीतता है, तो ये आर्टिकल आपके लिए है, या यूं कहें कि Lenovo Yoga Tab Plus का ये रिव्यू आपके लिए है. इतने काम के लिए हमेशा लैपटॉप कैरी करना मुश्किल हो जाता है, ऐसे में आपके काम आता है टैबलेट, जो आपकी इन सभी कामों में मदद करता है.
हालांकि, ये जरूरी नहीं कि हर टैबलेट खरीदने लायक ही हो. कुछ टैबलेट केवल वीडियो देखने या सोशल मीडिया ब्राउज करने के लिए बनाए जाते हैं. वहीं, कुछ ऐसे होते हैं, जो काम और एंटरटेनमेंट दोनों को संभालने के लिए बनाए जाते हैं. अगर Lenovo Yoga Tab Plus की बात करें तो ये प्रीमियम क्वालिटी का है और दमदार परफॉर्मेंस देने के लिए इसे तैयार किया गया है. इसकी बिल्ड क्वालिटी से लेकर परफॉर्मेंस तक, यहां पढ़ें फुल रिव्यू.
डिजाइन और बिल्ड क्वालिटी:
लेनोवो योगा टैब प्लस का डिजाइन काफी मॉर्डन है. स्क्रीन के चारों तरफ पतले बॉर्ड हैं. यह काफी स्टाइलिश हैं और दिखने में शानदार लगते हैं. इसके बैक पैनल पर ड्यूल टोन फिनिश है, जिससे यह और भी ज्यादा स्टाइलिश बन जाता है. सबसे अच्छी बात है कि कीबोर्ड और पेन जैसी एक्सेसरीज भी इसी शेड से मेल खाती हैं, जो अच्छा और सोचा-समझा लगता है. 640 ग्राम के वजन के साथ यह थोड़ा भारी लग सकता है. ईजी टू कैरी तो है लेकिन कुछ देर बार भारी भी लगने लगेगा. कुल मिलाकर इसका डिजाइन अच्छा है.
कैसी है डिस्प्ले क्वालिटी:
इसमें 3K रेजोल्यूशन के साथ 12.7 इंच डिस्प्ले दिया गया है. इसकी डिस्प्ले क्वालिटी काफी शार्प और क्लियर है. कलर्स के मामले में इसे अव्वल कहा जा सकता है. इतनी बड़ी स्क्रीन पर मूवी देखना, आर्टिकल पढ़ना, स्प्रेडशीट पर काम करना और फिल्में देखने का एक्सपीरियंस दमदार हो जाता है. इसकी पीक ब्राइटनेस 900 निट्स तक की है. सीधी धूप में इसकी स्क्रीन ठीक-ठाक दिखाई देती है. कई बार ब्लैकनेस ज्यादा दिखती है.
इसमें 144Hz रिफ्रेश रेट का सपोर्ट दिया गया है, जिससे स्क्रॉलिंग और गेमिंग बहुत स्मूथ रही. हमने कुछ गेम ट्राई किए, और सब कुछ बिना किसी लैग या अटकने के चले.
कैसी रही टैबलेट की परफॉर्मेंस:
इसमें स्नैपड्रैगन 8 जेन 3 प्रोसेसर दिया गया है. इसके साथ ही 16 जीबी तक रैम दी गई है. एक ही समय में कई ऐप्स पर आसानी से काम किया जा सकता है. ईमेल, डॉक्यूमेंट्स, वीडियो ऐप्स और यहां तक कि गेम्स के बीच स्विच करना आसान और स्मूथ लगा. इस पर कई गेम्स खेले हमने, जिसमें लाइटरूम मोबाइल, एस्फाल्ट 8 आदि शामिल हैं. इन्हीं बिना किसी लैग के आसानी से रन किया जा सकता है. ज्यादातर यूजर्स के लिए, इस टैबलेट में रोजाना के ऑफिस के काम, ऑनलाइन मीटिंग, नोट्स लेने और हल्के क्रिएटिव कामों के लिए काफी ज्यादा पावर है. कुल मिलाकर टैबलेट पर किसी भी तरह का हैवी काम करना आसान है, क्योंकि इसका प्रोसेसर और रैम दोनों ही दमदार है.
बैटरी, सॉफ्टवेयर और एक्स्ट्रा फीचर्स:
सबसे पहले बैटरी की बात करते हैं. इसमें 10200mAh की बैटरी दी गई है, जो ज्यादा इस्तेमाल करने पर भी आसानी से लगभग दो दिन चल जाएगी. इसमें काम करना, शो देखना, फोटो एडिट करना और गेमिंग शामिल है. अगर आप बहुत ज्यादा इसे इस्तेमाल नहीं करेंगे तो एक बार चार्ज करने पर पूरे हफ्ते तक चल जाएगी. जब बैटरी कम हो जाती है, तो 45W फास्ट चार्जिंग इसे जल्दी चार्ज करने में मदद करती है. कीबोर्ड की बात करें तो इससे टाइप करना काफी आसान है. वहीं, पेन के जरिए लिखना या ड्रॉइंग करना भी काफी तेजी से रिस्पॉन्ड करता है.
अब आ जाते हैं सॉफ्टवेयर पर. यह टैबलेट Lenovo के सिंपल कस्टम इंटरफेस के साथ एंड्रॉइड 14 पर चलता है. इसे फ्यूचर में अपडेट भी दिए जाएंगे. इसका एक्सपीरीयंस काफी स्मूद और क्लियर है. स्प्लिट स्क्रीन जैसे मल्टीटास्किंग फीचर्स बड़ी डिस्प्ले पर आसानी से किए जा सकते हैं. इसके अलावा एक और अच्छा फीचर है, जिसका नाम Lenovo PC मोड है, जो कीबोर्ड लगाने पर टैबलेट को PC जैसे सेटअप में बदल देता है. अब साउंड की बात करते हैं, इसमें डॉल्बी एटमस के साथ 6 स्पीकर दिए गए हैं. इनके साथ साउंड क्वालिटी काफी क्लियर मिलती है.
क्या आपको ये टैबलेट खरीदना चाहिए?
Lenovo Yoga Tab Plus की कीमत वर्तमान में 51,999 रुपये है. अगर आप हल्के या थोड़े बहुत हैवी काम के लिए एक अच्छा टैबलेट खरीदना चाहते हैं, तो यह ऑप्शन आपके लिए सही रहेगा. डिस्प्ले, बैटरी लाइफ, एक्सेसरीज और कुल मिलाकर परफॉर्मेंस इसे स्टूडेंट्स, प्रोफेशनल्स और बार-बार ट्रैवल करने वालों के लिए एक बढ़िया विकल्प बनाते हैं.