IPL 2026

दोस्त ने छीना फोन? अब सिर्फ एक शब्द बोलकर कर लें लॉक, चैट्स रहेंगी सुरक्षित

आपका फोन दोस्त या किसी ने छीन लिया और अनलॉक है? चिंता न करें.iPhone के नए Vocal Shortcuts फीचर से आप बस एक शब्द बोलकर फोन को तुरंत लॉक कर सकते हैं.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: कल्पना कीजिए, आप दोस्तों के साथ मस्ती कर रहे हैं और अचानक कोई आपका iPhone छीनकर भागने लगा. फोन अनलॉक है, तो चैट पढ़ ली जाएगी या गैलेरी खोल ली जाएगी. लेकिन Apple ने एक स्मार्ट तरीका निकाला है. Vocal Shortcuts नाम का यह फीचर आपको सिर्फ आवाज से फोन कंट्रोल करने देता है.खासकर लॉक स्क्रीन करने के लिए यह बहुत उपयोगी साबित हो सकता है.

अब हाथ लगाए बिना भी फोन सुरक्षित हो जाएगा. कई यूजर्स को यह फीचर अभी तक पता नहीं है, लेकिन यह रोजमर्रा की छोटी-बड़ी मुश्किलों से बचाने में मददगार है.

Vocal Shortcuts क्या है?

iPhone में Accessibility सेक्शन के अंदर Vocal Shortcuts का ऑप्शन मिलता है. यह फीचर आपको सिखाता है कि एक खास शब्द या वाक्य बोलने पर फोन क्या करे. iOS 18 में इसे आसानी से सेट किया जा सकता है.इससे आप बिना स्क्रीन छुए कई काम कर सकते हैं. लॉक स्क्रीन करना इसका सबसे आसान और जरूरी यूज है.जब फोन किसी और के हाथ में हो तो यह फीचर तुरंत काम आता है.

कैसे सेट करें यह फीचर

सेटिंग्स ऐप खोलें.नीचे स्क्रॉल करके Accessibility पर जाएं.वहां Vocal Shortcuts का विकल्प ढूंढें और सेट अप पर टैप करें. Continue दबाएं. अब एक्शन चुनने के लिए Lock Screen सर्च करें या स्क्रॉल करके ढूंढ लें. अपना पसंदीदा शब्द टाइप करें, जैसे ‘लॉक’ या ‘फोन बंद’. फिर तीन बार उस शब्द को बोलकर रिकॉर्ड करें ताकि iPhone आपकी आवाज पहचान सके.

कैसे काम करता है फीचर

एक बार सेटअप पूरा होने के बाद जब भी आप वह शब्द बोलेंगे, फोन खुद-ब-खुद लॉक हो जाएगा. यह तब भी काम करता है जब फोन अनलॉक स्थिति में हो. दोस्त या भाई-बहन अगर फोन छीन लें तो आप दूर से ही बोलकर उसे सुरक्षित कर सकते हैं. इससे चैट्स या गैलरी खुलने का डर खत्म हो जाता है. ध्यान रखें, शब्द आम न हो ताकि गलती से ट्रिगर न हो।

क्यों है यह फीचर जरूरी

आजकल फोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा है. इसमें पर्सनल मैसेज, बैंक डिटेल्स और यादें भरी रहती हैं. अगर कोई मजाक में फोन छीन ले तो परेशानी हो सकती है. Vocal Shortcuts जैसा फीचर ऐसे मौकों पर तुरंत राहत देता है. Apple ने इसे एक्सेसिबिलिटी के तहत रखा है, लेकिन हर यूजर इसे इस्तेमाल कर सकता है. इसे सेट करके आप अपने फोन को और ज्यादा सुरक्षित बना सकते हैं.