iPhone 18 Pro के लिए दीवानगी! आधी रात से Apple Store के बाहर लगी लंबी कतार
भारत में आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स की बिक्री शुरू होने से पहले मुंबई में एप्पल स्टोर के बाहर बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंच गए.
मुंबई: भारत में आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स की बिक्री शुरू होने से पहले मुंबई में एप्पल स्टोर के बाहर बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंच गए. कई लोग रातभर स्टोर के बाहर लाइन में खड़े रहे और सुबह अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए. मुंबई के बीकेसी स्थित एप्पल स्टोर के बाहर सुबह से ही ग्राहकों की लंबी कतार देखने को मिली. नए आईफोन को सबसे पहले खरीदने के लिए लोगों में काफी उत्साह दिखाई दिया.
एक ग्राहक ने बताया कि वह पूरी रात स्टोर के बाहर खड़े रहे. उन्होंने कहा कि उनके पास अभी बारकोड नहीं था, फिर भी वह लाइन में अपनी जगह बनाए हुए थे. नए आईफोन को लेकर ग्राहकों का उत्साह इस बात से भी समझा जा सकता है कि कुछ लोग दूसरे शहरों से मुंबई पहुंचे.
Also Read
18 सितंबर से भारत में बिक्री शुरू:
आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स की भारत में बिक्री 18 सितंबर से शुरू हो गई है. कंपनी के अनुसार, आईफोन 18 प्रो की शुरुआती कीमत 1,64,900 रुपये और आईफोन 18 प्रो मैक्स की शुरुआती कीमत 1,79,900 रुपये रखी गई है. दोनों फोन 256 जीबी, 512 जीबी, 1 टीबी और 2 टीबी स्टोरेज विकल्पों में उपलब्ध हैं.
आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स को चार कलर में पेश किया गया है. इनमें ब्लैक, सिल्वर, ग्लेशियर और नया बरगंडी कलर शामिल है. बता दें कि नया बरगंडी कलर इस बार फोन की खास पहचान में से एक है. कंपनी ने फोन को प्रीमियम कैटेगरी में रखा है और इसमें नई तकनीक तथा बेहतर सुविधाओं पर जोर दिया गया है.