लैपटॉप कीबोर्ड साफ करते समय की गई एक गलती, खराब कर देगी काम; इन टिप्स को करें फॉलो
गलत तरीके से लैपटॉप साफ करने पर कीबोर्ड खराब हो सकता है या अंदर के इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स को नुकसान पहुंच सकता है. आइए जानते हैं कि लैपटॉप कीबोर्ड साफ करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और सही तरीका क्या है.
नई दिल्ली: आज के समय में लैपटॉप हमारे रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बन चुका है. ऑफिस का काम, पढ़ाई, ऑनलाइन मीटिंग या घर के जरूरी काम, सब कुछ लैपटॉप पर ही होता है. घंटों इस्तेमाल करने के बाद कीबोर्ड पर धूल, गंदगी और खाने-पीने के छोटे पार्टिकल्स जमा हो जाते हैं. बटनों के बीच गंदगी फंसने से टाइपिंग में परेशानी होती है और कीबोर्ड गंदा दिखने लगता है. इसलिए समय-समय पर कीबोर्ड की सफाई जरूरी है.
लेकिन सफाई करते समय थोड़ी सी लापरवाही महंगे लैपटॉप को नुकसान पहुंचा सकती है. गलत तरीके से साफ करने पर कीबोर्ड खराब हो सकता है या अंदर के इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स को नुकसान पहुंच सकता है. आइए जानते हैं कि लैपटॉप कीबोर्ड साफ करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और सही तरीका क्या है.
लैपटॉप चालू रखकर सफाई कभी न करें:
कीबोर्ड साफ करने से पहले लैपटॉप को पूरी तरह बंद कर दें. अगर चार्जर लगा है तो उसे भी निकाल दें. चालू लैपटॉप पर सफाई करने से गलती से कोई बटन दब सकता है और अनचाहा काम शुरू हो सकता है. साथ ही अगर थोड़ी नमी अंदर चली जाए तो शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है. सुरक्षा के लिए हमेशा लैपटॉप बंद करके और चार्जर हटाकर ही सफाई शुरू करें.
Also Read
कीबोर्ड पर सीधे पानी या लिक्विड न डालें:
बहुत से लोग सफाई के लिए पानी या क्लीनिंग लिक्विड को सीधे कीबोर्ड पर स्प्रे कर देते हैं. यह बहुत खतरनाक है. लिक्विड सब्सटेंस बटनों के छोटे गैप से अंदर जाकर सर्किट और अन्य सेंसिटिव हिस्सों को खराब कर सकता है. अगर क्लीनिंग लिक्विड इस्तेमाल करना हो तो उसे सीधे लैपटॉप पर न डालें. थोड़ी मात्रा में माइक्रोफाइबर कपड़े पर लगाएं और फिर धीरे-धीरे सतह को पोंछें.
लैपटॉप को जोर से न झटकें या न थपथपाएं:
बटनों के बीच फंसी धूल निकालने के लिए कई लोग लैपटॉप को उल्टा करके जोर-जोर से हिलाते या थपथपाते हैं. यह सही तरीका नहीं है. इससे बटन ढीले हो सकते हैं या अंदर के नाजुक हिस्से टूट सकते हैं. बेहतर है कि लैपटॉप को हल्के से तिरछा रखें और मुलायम ब्रश से धीरे-धीरे धूल बाहर निकालें.
हार्ड ब्रश और केमिकल से बचें:
कठोर ब्रश या तेज रसायन वाले क्लीनर का इस्तेमाल करने से कीबोर्ड के सरफेस पर स्क्रैच आ सकती है. बटनों पर लिखे अक्षर भी धीरे-धीरे मिट सकते हैं. सफाई के लिए हमेशा मुलायम ब्रिसल वाले ब्रश या साफ माइक्रोफाइबर कपड़े का ही इस्तेमाल करें.
कीबोर्ड साफ करने का सही और आसान तरीका:
-
सबसे पहले लैपटॉप को शटडाउन करें और चार्जर निकाल दें. सॉफ्ट ब्रश की मदद से बटनों के बीच फंसी धूल को धीरे-धीरे बाहर निकालें. जरूरत पड़ने पर कंप्रेस्ड एयर का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन उसे थोड़ी दूरी से और सावधानी से चलाएं.
-
ड्राई डस्ट निकल जाने के बाद माइक्रोफाइबर कपड़े को हल्का गीला करें. ध्यान रखें कि कपड़े से पानी बिल्कुल न टपके. इस कपड़े से कीबोर्ड की सतह को धीरे-धीरे पोंछें. सफाई के बाद लैपटॉप को कुछ देर सूखने दें. पूरी तरह सूखने के बाद ही इसे दोबारा चालू करें.
-
रेगुलर और सही तरीके से कीबोर्ड साफ रखने से लैपटॉप की उम्र बढ़ती है, टाइपिंग आसान रहती है और रिपेयिंग के खर्च से बचा जा सकता है. छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर आप अपने लैपटॉप को लंबे समय तक अच्छा बनाए रख सकते हैं.