Smart Lock नहीं मौत का सामान! घर में आग लगते ही हो गया खराब, 9 लोगों ने गंवाई जान
अगर आप अपने घर में स्मार्ट लॉक का इस्तेमाल करते हैं, तो हम आपको यह बता रहे हैं कि यह किस तरह से खतरनाक साबित हो सकता है.
नई दिल्ली: क्या आपको अपने घर में स्मार्ट लॉक लगाने का शौक चढ़ा है? अगर हां, तो यह खबर आपके लिए जरूरी हो सकती है. दिल्ली के विवेक विहार से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें स्मार्ट लॉक के चक्कर में करीब 9 लोगों की मौत हो गई. बता दें कि यहां पर एक रिहायशी इमारत में आग लग गई और इस हादसे में कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी.
इस हादसे की शुरुआत जांच में पता चला है कि यहां पर एसी ब्लास्ट या शॉर्ट सर्किट हुआ है. अब इसमें सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह थी कि जिस फ्लोर पर आग लगना शुरू हुई वहां पर स्मार्ट डोर लॉक लगा था. वैसे तो यह बेहद ही सिक्योर माना जाता है और बिना पासवर्ड या टच के कोई भी अंदर-बाहर नहीं जा सकता है, लेकिन इस हदासे में यह एक बड़ी कमी बनकर उभरा.
स्मार्ट लॉक कैसे हुआ फेल?
इस हादसे में लोगों के जान गंवाने के पीछे स्मार्ट लॉक का भी उतना ही बड़ा हाथ है, जितना आग का. जब आग लगी तो वहां लगा इलेक्ट्रॉनिक स्मार्ट डोर लॉक बंद हो गया. इससे दरवाजे जाम हो गए और अंदर फंसे लोग बाहर नहीं निकल पाए. फ्लोर से बाहर निकलने के लिए कई लोगों ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सिस्टम ने रिस्पॉन्ड नहीं किया. फिर धुआं और आग के बीच फंसकर लोग बेहोश हो गए.
स्मार्ट लॉक के अलावा इमारत में कई और कमियां भी थीं. खिड़कियों में लोहे की ग्रिल लगने के चलते लोग उससे बाहर नहीं निकल पाए. इसके अलावा छत का दरवाजा बंद था और इमारत में सिर्फ एक ही एंट्री-एग्जिट था. आग तेजी से फैलने के चलते धुआं भर गया और उन लोगों के पास बचने का कोई रास्ता नहीं बचा.
स्मार्ट डोर लॉक क्या है?
आजकल बाजार में स्मार्ट डोर लॉक्स को लोग काफी पसंद कर रहे हैं. इस तरह के लॉक ऐप, फिंगरप्रिंट, पिन कोड, कार्ड या ओटीपी से खुलते हैं. लोग इन्हें कई कारणों से पसंद कर रहे हैं, जिसमें चोरी से बचाव तो शामिल है ही और साथ ही सोसाइटी में क्लास मेंटेन करना भी शामिल है. टेक्नोलॉजी जितनी सुविधाजनक होती है, उतनी ही घातक भी साबित हो सकती है. बिजली या बैटरी फेल होने पर कई लॉक जाम हो जाते हैं. वैसे तो कुछ मॉडल्स में मैनुअल ओवरराइड की सुविधा दी गई होती है, लेकिन घबराहट में लोग उसे इस्तेमाल नहीं कर पाते.
इन बातों का ध्यान रखना है जरूरी:
टेक्नोलॉजी हमारे लिए ही बनाई गई है, लेकिन इस पर पूरी तरह से निर्भर हो जाना सही नहीं है. अगर आप अपने घर पर स्मार्ट लॉक लगाते हैं तो आपको चाबी वाला विकल्प भी जरूर लगाना चाहिए. इसके अलावा बिल्डिंग में करीब दो एग्जिट, धुआं रहित स्टेयरकेस और ग्रिल-रहित खिड़कियों की जरूरत है.