फ्लॉप होने के 10 साल बाद अमेजन का स्मार्टफोन बाजार में कमबैक, 'ट्रांसफॉर्मर' से मचाएगा तहलका

अमेजन अपने डिवाइसेज यूनिट के तहत एक नया स्मार्टफोन 'ट्रांसफॉर्मर' विकसित कर रहा है, जिसमें एआई और एलेक्सा को खासतौर पर शामिल किया जा रहा है. 2014 में फायर फोन की असफलता के बाद यह कंपनी का दूसरा बड़ा प्रयास है, लेकिन प्रोजेक्ट अभी शुरुआती चरण में है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: 2014 में अमेजन ने अपना पहला स्मार्टफोन फायर फोन लॉन्च किया था, जिसे खुद जेफ बेजोस देख रहे थे, लेकिन यह एक साल के भीतर ही बंद कर दिया गया था. अब अमेजन एक बार फिर स्मार्टफोन बाजार में वापसी की तैयारी कर रही है. कंपनी के अंदर 'ट्रांसफॉर्मर' नाम से एक नया फोन तैयार किया जा रहा है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को केंद्र में रखा जा रहा है.

अमेजन का मानना है कि नया फोन यूजर्स को शॉपिंग, वीडियो स्ट्रीमिंग और फूड ऑर्डरिंग जैसी सुविधाएं पहले से कहीं ज्यादा आसानी से दे सकता है. इस फोन में एलेक्सा को कोर फीचर के तौर पर रखा जा रहा है, लेकिन जरूरी नहीं कि यह फोन का पूरा ऑपरेटिंग सिस्टम हो. कंपनी चाहती है कि यह डिवाइस पूरे दिन यूजर से जुड़ा रहे.

एआई और ऐप स्टोर से अलग रास्ता

ट्रांसफॉर्मर प्रोजेक्ट में एआई क्षमताओं को फोन के अंदर ही एकीकृत करने पर जोर दिया जा रहा है. इससे पारंपरिक ऐप स्टोर की जरूरत खत्म हो सकती है, क्योंकि यूजर को ऐप डाउनलोड और रजिस्टर नहीं करना पड़ेगा. हालांकि, एआई हार्डवेयर का इतिहास बहुत सफल नहीं रहा है. ह्यूमेन एआई पिन और रैबिट आर1 जैसे डिवाइस पहले ही बाजार में असफल हो चुके हैं.

फायर फोन के सबक और नई रणनीति

2014 में आए फायर फोन में कैमरे से प्रोडक्ट स्कैन कर खरीदारी की सुविधा थी, लेकिन उसमें एंड्रॉयड और आईओएस के लोकप्रिय ऐप नहीं थे. महंगी कीमत और बैटरी की समस्या के चलते यह फोन बिका नहीं. अमेजन को 170 मिलियन डॉलर का नुकसान उठाना पड़ा था. इस बार कंपनी ने जोखिम को समझते हुए धीरे-धीरे आगे बढ़ने की योजना बनाई है.

जीरोवन टीम और मिनिमलिस्ट फोन का आइडिया

यह प्रोजेक्ट अमेजन के डिवाइसेज यूनिट के अंदर 'जीरोवन' नाम की टीम लीड कर रही है, जिसे 'ब्रेकथ्रू' गैजेट्स बनाने की जिम्मेदारी दी गई है. इस टीम का नेतृत्व माइक्रोसॉफ्ट के पूर्व एक्सक्यूटिव जे. एलार्ड कर रहे हैं. कंपनी साधारण स्मार्टफोन के अलावा 'डंबफोन' पर भी काम कर रही है, जिसमें सिर्फ बुनियादी सुविधाएं हों. लाइट फोन की तरह इसे दूसरा फोन बेचने की भी संभावना तलाशी जा रही है.