उत्तराखंड के इन 7 जिलों में आज के लिए येलो अलर्ट, 14 अगस्त से फिर बेरहम होगा मौसम
उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता बनी हुई है. मौसम विभाग ने 13 अगस्त को सात जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं 14 अगस्त से प्रदेश में बारिश का दौर और तेज होने की चेतावनी दी गई है.
देवभूमि उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से जहां मौसम सुहाना बना हुआ है, वहीं पहाड़ी इलाकों में मुश्किलें भी बढ़ रही हैं. बारिश और भूस्खलन के कारण कई सड़क मार्ग प्रभावित हुए हैं. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 13 अगस्त को देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर और नैनीताल में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.
पहाड़ी क्षेत्रों में अचानक तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है. हालांकि, पिछले कुछ दिनों के मुकाबले आज मानसूनी गतिविधियों में थोड़ी कमी देखने को मिल सकती है, लेकिन यह राहत ज्यादा देर टिकने वाली नहीं है.
14 अगस्त से फिर बढ़ेगा बारिश का कहर
मौसम विभाग के मुताबिक 14 अगस्त से उत्तराखंड में बारिश फिर जोर पकड़ सकती है. देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. कुछ स्थानों पर बारिश का दौर बेहद तेज हो सकता है, जिससे भूस्खलन और बादल फटने जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है. देहरादून में आज बादलों और धूप के बीच कई दौर की तेज बारिश होने की संभावना है. मसूरी, ऋषिकेश के आसपास और सहस्रधारा जैसे इलाकों में गरज के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं. नैनीताल में भी आज बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि 14 और 15 अगस्त को स्थिति ज्यादा गंभीर होने की आशंका है.
Also Read
पहाड़ी जिलों में खास सतर्कता
राज्य के टिहरी, उत्तरकाशी और बागेश्वर में आज गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट है. उत्तरकाशी में गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के संवेदनशील हिस्सों में मलबा आने के कारण यातायात पर भी नजर रखी जा रही है. बागेश्वर में 14 से 16 अगस्त के बीच बहुत भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए आपदा प्रबंधन दलों को सतर्क किया गया है. हरिद्वार और उधम सिंह नगर में आज मौसम अपेक्षाकृत नरम रह सकता है. यहां हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है. हालांकि, 14 अगस्त से बारिश तेज होने पर निचले इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो सकती है.