रुद्रपुर: सरस मेले से लौटते समय महिला के साथ उसके देवर के दोस्तों ने किया गैंगरेप, वीडियो बनाकर वायरल की दी धमकी
रुद्रपुर में सरस मेले से लौट रही एक महिला के साथ तीन युवकों ने गैंगरेप किया है. आरोपियों ने बंदूक की नोक पर उसे अगवा कर लिया और वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
रुद्रपुर: उत्तराखंड के रुद्रपुर में रविवार रात सरस मेले से लौट रही एक शादीशुदा महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. घटना गांधी पार्क में चल रहे मेले से घर लौटते समय हुई बताई जा रही है. पीड़िता के अनुसार रात करीब 11 बजे वह अपने देवर के साथ किच्छा बाईपास स्थित मोदी मैदान के पास पहुंची थी.
आरोप है कि उसी दौरान दो बाइक पर सवार तीन हथियारबंद लोग वहां पहुंचे. बताया जा रहा है कि आरोपी उसके देवर को पहले से जानते थे. शिकायत के अनुसार आरोपियों ने पिस्तौल तानकर गोली मारने की धमकी दी और दोनों को जबरन अपने साथ ले गए.
पीड़िता ने क्या लगाया आरोप?
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि तीनों लोग उन्हें ठंडी सड़क के पास एक सुनसान स्थान पर ले गए. वहां देवर के सामने ही बारी बारी से महिला के साथ दुष्कर्म किया गया. विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू से उसके बाएं हाथ की उंगली काट दी जिससे वह घायल हो गई.
महिला का कहना है कि घटना के दौरान आरोपियों ने पूरे कृत्य का वीडियो भी रिकॉर्ड किया. उन्होंने धमकी दी कि यदि पुलिस से संपर्क किया गया तो वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया जाएगा. साथ ही उसको जान से मारने की धमकी भी दी.
पुलिस ने क्या लिया एक्शन?
घटना के बाद पीड़िता ने रामपुरा पुलिस चौकी में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की. सर्कल ऑफिसर शहर प्रशांत कुमार ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 70 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.
पुलिस ने जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है. फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है और पीड़िता को मेडिकल टेस्ट के लिए भेजा गया है.
अधिकारियों ने क्या बताया?
पुलिस उसके देवर से भी पूछताछ कर रही है क्योंकि आरोपी उसके जान पहचान वाले बताए जा रहे हैं. अधिकारियों ने बताया कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा. इस घटना के बाद इलाके में चिंता और गुस्से का माहौल है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
और पढ़ें
- आज से कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो रही उत्तराखंड की बोर्ड परीक्षाएं, 1261 केंद्रों पर 2 लाख से ज्यादा छात्र देंगे पेपर
- बाल-बाल बचा ऑपरेटर, जोरदार टक्कर के बाद एक-दूसरे के ऊपर चढ़ी दो वॉटर बोट्स; वीडियो देख कांप उठे लोग
- उत्तराखंड के जोशीमठ से आया नमाज का वीडियो, जानें क्या हुआ ऐसा कि फिर से सांप्रदायिक तनाव के बन रहे आसार