उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, पर्वतीय जिलों में बारिश का अलर्ट; जल्द दस्तक देगा मानसून

उत्तराखंड में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों में गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं अगले कुछ दिनों में प्रदेश में मानसून के प्रवेश की संभावना जताई गई है

ANI
Shanu Sharma

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदल रहा है. प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं और मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. 

विभाग के अनुसार आज पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके अलावा आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है. मौसम में आए इस बदलाव को मानसून की दस्तक से पहले का संकेत माना जा रहा है.

पर्वतीय जिलों में बारिश और बिजली गिरने की आशंका

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के अधिकांश पर्वतीय जिलों में आज मौसम सक्रिय रहेगा. कई स्थानों पर बादल गरजने के साथ बारिश हो सकती है. इसके साथ ही बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. विशेष रूप से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने के लिए कहा गया है. वहीं मैदानी जिलों हरिद्वार और उधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं. इससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है.


अगले कुछ दिनों में प्रदेश में पहुंचेगा मानसून

मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और परिस्थितियां इसके अनुकूल बनी हुई हैं. अगले पांच दिनों के दौरान मानसून के और आगे बढ़ने की संभावना है. विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो से तीन दिनों में उत्तर अरब सागर, गुजरात और आसपास के क्षेत्रों से आगे बढ़ेगा.

इसके बाद दो से तीन दिनों के भीतर उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में मानसून प्रवेश कर सकता है. मानसून के आगमन के साथ प्रदेश में व्यापक बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है. इससे जल स्रोतों को लाभ मिलेगा और लंबे समय से पड़ रही गर्मी से भी लोगों को राहत मिलेगी.