उत्तराखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम, पहाड़ी जिलों में यलो अलर्ट; बहुत भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर तेज होने वाला है. मौसम विभाग ने पहाड़ी जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है. 30 और 31 अगस्त को कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है.
उत्तराखंड के 11 पहाड़ी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान गरज के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं. मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
इसके साथ ही आकाशीय बिजली चमकने और गिरने की आशंका भी जताई गई है. हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बौछारें पड़ने का अनुमान है.
चमोली में भूस्खलन से सड़क बंद
बारिश के बीच चमोली जिले में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं. गुरुवार दोपहर नंदानगर घाट मुख्य बाजार के पास सितेल सड़क पर अचानक भारी भूस्खलन हुआ. पहाड़ी से बड़े पत्थर और बोल्डर गिरने से सड़क किनारे खड़े दो वाहन इसकी चपेट में आ गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. भूस्खलन के कारण नंदानगर घाट को सितेल से जोड़ने वाला मार्ग बाधित हो गया. इससे स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई.
Also Read
पिथौरागढ़ जिले में भी भूस्खलन की घटना सामने आई. एलागाड़ के पास पहाड़ी से मलबा आने के कारण धारचूला-गुंजी सड़क कुछ समय के लिए बंद रही. पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण आने वाले दिनों में भी ऐसे हालात बनने की आशंका बनी हुई है. वहीं, बागेश्वर के कपकोट, देहरादून और ऋषिकेश में भी लगातार बारिश का दौर जारी है.
29 अगस्त को पहाड़ों में तेज बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 29 अगस्त को पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है. इस दौरान बारिश का तेज से अति तेज दौर देखने को मिल सकता है. इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है.
30 अगस्त को छह जिलों में भारी बारिश
30 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. राज्य के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के तेज से अति तेज दौर का खतरा बना रहेगा.
31 अगस्त को इन जिलों में ज्यादा असर
31 अगस्त को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली और रुद्रप्रयाग में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा पूरे राज्य में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर की संभावना है.