Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मानसून का जोरदार वार, कई जिलों में सामान्य से कई गुना अधिक बारिश; मौसम विभाग ने दी चेतावनी
उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है. हरिद्वार में सबसे अधिक 65.8 मिमी बारिश दर्ज की गई. राज्य में औसत वर्षा सामान्य से 111 प्रतिशत अधिक रही.
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में झमाझम बारिश हुई. कई जगह सामान्य से कई गुना अधिक वर्षा दर्ज की गई. सबसे अधिक बारिश हरिद्वार जिले में रिकॉर्ड हुई, जहां 65.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई.
यह सामान्य 18.6 मिमी की तुलना में 254 प्रतिशत अधिक है. लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव, सड़कों पर फिसलन और यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है.
राजधानी देहरादून में कैसा है मौसम?
राजधानी देहरादून में भी बारिश का असर साफ दिखाई दिया. यहां पिछले 24 घंटों में 41.9 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि सामान्य वर्षा 20.4 मिमी मानी जाती है. इस तरह देहरादून में सामान्य से 106 प्रतिशत अधिक बारिश हुई. मौसम सुहावना होने के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, लेकिन लगातार बारिश के चलते लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
Also Read
पर्वतीय जिलों में कैसा है मौसम?
राज्य के पर्वतीय जिलों में भी अच्छी बारिश हुई. रुद्रप्रयाग में 42.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 114 प्रतिशत अधिक है. बागेश्वर में 37.2 मिमी और चमोली में 37.1 मिमी बारिश हुई. इन दोनों जिलों में सामान्य की तुलना में क्रमशः 432 प्रतिशत और 480 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई. टिहरी में 32.3 मिमी, नैनीताल में 31.8 मिमी, उत्तरकाशी में 25.7 मिमी तथा पौड़ी में 25 मिमी वर्षा दर्ज की गई. इन सभी जिलों में भी सामान्य से अधिक बारिश हुई.
दूसरी ओर कुछ जिलों में बारिश सामान्य से कम रही. अल्मोड़ा में 7.9 मिमी और पिथौरागढ़ में 16.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य के आसपास रही. जबकि चंपावत में केवल 2.4 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य से 84 प्रतिशत कम है. ऊधम सिंह नगर में 11.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 15 प्रतिशत कम रही.
मौसम विभाग ने क्या बताया?
मौसम विभाग के अनुसार पूरे राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान औसत वर्षा सामान्य से 111 प्रतिशत अधिक रही, जो मानसून की मजबूत स्थिति को दर्शाती है. अगस्त महीने की शुरुआत भी बारिश के लिहाज से अच्छी रही है. एक अगस्त से छह अगस्त तक राज्य में औसतन 91.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि सामान्य वर्षा 83.2 मिमी होती है.
यानी इस अवधि में राज्य में सामान्य से 10 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है. देहरादून में 152.5 मिमी, रुद्रप्रयाग में 150.2 मिमी और बागेश्वर में 144.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है और लोगों से नदी नालों के किनारे जाने से बचने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.