देहरादून में तेजी से फैल रहा H1N1, एक दिन में मिले 58 नए मरीज; संक्रमितों की संख्या पहुंची 271
देहरादून में शुक्रवार को स्वाइन फ्लू के 58 नए मरीज मिले, जिससे कुल संक्रमितों की संख्या 271 हो गई है. इनमें 120 मरीजों का इलाज जारी है और 149 स्वस्थ हो चुके हैं.
देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले में स्वाइन फ्लू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. शुक्रवार को एच1एन1 इन्फ्लूएंजा के 58 नए मरीज मिले हैं. इसके साथ ही जिले में स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 271 पहुंच गई है. इनमें 120 मरीज अभी सक्रिय हैं और उनका अलग अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक 149 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि दो मरीजों की मौत भी दर्ज की गई है.
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को स्वाइन फ्लू की जांच के लिए 105 सैंपल लिए गए थे. इनमें 58 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई. नए संक्रमित मरीजों में 38 देहरादून के हैं, जबकि 20 मरीज दूसरे जिलों के रहने वाले हैं. इन मरीजों का देहरादून, ऋषिकेश और जौलीग्रांट के अस्पतालों में उपचार चल रहा है.
रिपोर्ट में क्या आया सामने?
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, जिले में अब तक एच1एन1 के 521 सैंपल लिए जा चुके हैं. इनमें 271 मरीज संक्रमित पाए गए हैं. संक्रमितों में 128 महिलाएं और 143 पुरुष शामिल हैं. दो मरीजों की मौत हो चुकी है और दोनों मामलों का डेथ ऑडिट भी किया गया है. सक्रिय मरीजों की संख्या 120 होने के कारण स्वास्थ्य विभाग निगरानी और उपचार व्यवस्था पर विशेष ध्यान दे रहा है.
Also Read
- धामी सरकार का बड़ा तोहफा! 9.91 लाख लोगों के खाते में पहुंची 147 करोड़ रुपये की पेंशन, 5605 नए लाभार्थियों को भी मंजूरी
- अब खेती होगी आसान, किसानों को मिलेगा डिजिटल कवच; सीएम धामी ने लॉन्च किया 'मनोरमा कृषि रक्षक' ऐप
- उत्तराखंड के 2440 राजस्व गांवों में खत्म होगी पटवारी पुलिस व्यवस्था, धामी सरकार ने 9 नए थाने और 44 चौकियां खोलने का बनाया खाका
कोविड के दो नए मरीज मिले
देहरादून में कोविड संक्रमण के भी दो नए मामले सामने आए हैं. शुक्रवार को 51 सैंपल लिए गए, जिनमें दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई. जिले में अब तक कोविड के 303 सैंपल लिए जा चुके हैं और इनमें 39 मरीज संक्रमित पाए गए हैं. इनमें 37 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि दो मरीज अस्पताल में उपचाराधीन हैं.
डेंगू के भी दो नए मामले
देहरादून में शुक्रवार को डेंगू के दो नए मरीज मिले. स्वास्थ्य विभाग ने 460 सैंपल लिए थे, जिनमें एलाइजा जांच के दौरान दो मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई. इनमें एक मरीज देहरादून का और दूसरा दिल्ली का रहने वाला है.
अब तक जिले में डेंगू की जांच के लिए 24,844 सैंपल लिए जा चुके हैं. इनमें 129 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है. संक्रमित मरीजों में 63 देहरादून और 66 दूसरे क्षेत्रों के हैं. 112 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 17 मरीज अस्पतालों में उपचाराधीन हैं. अब तक डेंगू से किसी मौत की पुष्टि नहीं हुई है.