SIR

उत्तराखंड में SIR प्रक्रिया पूरी, 71.58 लाख से ज्यादा वोटरों की अंतिम सूची हुई जारी

उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR की प्रक्रिया पूरी हो गई है. शनिवार को जारी अंतिम मतदाता सूची में राज्य में कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज हैं. इनमें 37,37,701 पुरुष, 34,21,036 महिला और 212 थर्ड जेंडर मतदाता हैं.

India daily
Km Jaya

उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया पूरी हो गई है. मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने शनिवार को प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी. मुख्य निर्वाचन अधिकारी वीवीआरसी पुरुषोत्तम के अनुसार अंतिम सूची में अब राज्य में कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज हैं. इनमें 37,37,701 पुरुष, 34,21,036 महिला और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं.

निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया 8 जून 2026 को शुरू हुई थी. अभियान की शुरुआत में राज्य में कुल 79,60,762 पंजीकृत मतदाता थे. इसके बाद गणना फॉर्म का घर-घर वितरण किया गया और मतदाताओं से संबंधित जानकारी जुटाई गई.

ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित

14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई. इसमें कुल 71,33,785 मतदाताओं के नाम शामिल थे. इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक नागरिकों को नाम जोड़ने, नाम में सुधार कराने या नाम हटाने से जुड़े दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का मौका दिया गया.


1.29 लाख नए नाम जोड़े गए

निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार, 13 अगस्त से 28 सितंबर तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का चरणबद्ध तरीके से निस्तारण किया गया. इस दौरान 1,29,872 नए मतदाताओं के नाम अंतिम सूची में जोड़े गए. वहीं, अपात्र, स्थानांतरित या मृत पाए गए 1,04,708 नामों को नियमानुसार मतदाता सूची से हटाया गया.

प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया. अंतिम आंकड़ों के अनुसार, राज्य में 18 से 19 वर्ष की उम्र के 72,656 युवा मतदाता हैं. वहीं 80 वर्ष से अधिक उम्र के 1,22,892 वरिष्ठ नागरिक मतदाता सूची में दर्ज हैं.

छूटे पात्र लोगों को भी मिलेगा मौका

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने कहा है कि यदि कोई पात्र नागरिक SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से रह गया है, तो वह बाद में भी आवेदन कर सकता है. इसके लिए नागरिकों को फॉर्म-6 भरना होगा. नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन किया जा सकता है.

ऑनलाइन आवेदन भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल या ECI Net App के जरिए किया जा सकता है. वहीं, ऑफलाइन आवेदन के लिए संबंधित क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी यानी BLO के पास जाकर फॉर्म-6 जमा किया जा सकता है.

ऐसे चेक करें मतदाता सूची में अपना नाम

उत्तराखंड के नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voter.eci.gov.in पर जाकर देख सकते हैं. इसके अलावा उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर भी मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी हासिल की जा सकती है. नागरिक जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के कार्यालय या अपने क्षेत्र के BLO से भी मतदाता सूची का विवरण प्राप्त कर सकते हैं.

SIR