सितंबर में दिसंबर जैसी ठंड! देहरादून में 14 साल बाद रात का पारा 18 डिग्री के करीब, मसूरी भी ठिठुरी
उत्तराखंड में तीन दिनों की बारिश के बाद देहरादून में सितंबर की रातें ठंडी हो गई हैं. न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के आसपास पहुंच गया है, जबकि नई टिहरी में रात का पारा 10.8 डिग्री दर्ज हुआ.
उत्तराखंड में पिछले तीन दिनों से हो रही हल्की बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. देहरादून में बारिश और ठंडी हवाओं के कारण सितंबर के आखिरी दिनों में रातें सामान्य से ज्यादा ठंडी हो गई हैं. रविवार को शहर का न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सोमवार को यह 18.7 डिग्री रहा.
पहाड़ी इलाकों में लगातार ठंड बढ़ने से लोगों को रात में पंखे बंद करने पड़े. कई घरों में चादर और कंबल भी निकल आए हैं. दिन के समय भी हल्के गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है.
दिन में भी सामान्य से कम रहा तापमान
देहरादून में सोमवार को का अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है. पंतनगर में दिन का तापमान 29.6 और रात का 22.3 डिग्री सेल्सियस रहा. पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर और ज्यादा देखने को मिला. मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से पांच डिग्री कम रहा. यहां न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा. नई टिहरी में दिन का पारा 22.5 और रात का तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
Also Read
कैसा रहेगा आज का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है. इसके साथ ही कई इलाकों में मौसम के साफ होने के आसार हैं. हालांकि पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी मंगलवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बाकी जिलों में भी कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग ने फिलहाल किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है. मसूरी में सोमवार को मौसम लगातार बदलता रहा. कभी तेज धूप निकली तो कभी आसमान बादलों से घिर गया. दोपहर करीब तीन बजे बारिश शुरू होने के बाद तापमान में तेजी से गिरावट आई और ठंड बढ़ गई. इसके बाद स्थानीय लोग गर्म कपड़ों में नजर आए.