menu-icon
India Daily

उत्तराखंड के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर! ITI में दाखिला लो, अग्निवीर बनो... एडमिशन प्रोसेस शुरु

उत्तराखंड के युवाओं के लिए इस वर्ष ITI में प्रवेश केवल तकनीकी शिक्षा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह रोजगार और करियर के नए अवसरों का द्वार भी खोलेगा. राज्य के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में दाखिला लेने वाले छात्रों को केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना में विशेष लाभ मिलने जा रहा है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
उत्तराखंड के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर! ITI में दाखिला लो, अग्निवीर बनो... एडमिशन प्रोसेस शुरु
Courtesy: Pinterest

उत्तराखंड के युवाओं के लिए इस वर्ष ITI में प्रवेश केवल तकनीकी शिक्षा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह रोजगार और करियर के नए अवसरों का द्वार भी खोलेगा. राज्य के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में दाखिला लेने वाले छात्रों को केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना में विशेष लाभ मिलने जा रहा है. इसके अलावा, प्रतिष्ठित कंपनियों में प्रशिक्षण और स्टाइपेंड जैसी सुविधाएं भी युवाओं को आकर्षित कर रही हैं.

कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग ने सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश के सरकारी और निजी ITI संस्थानों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है. राज्य में कुल 153 सरकारी और 82 निजी ITI संचालित हैं. इच्छुक छात्र निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर विभिन्न ट्रेड्स में प्रवेश ले सकते हैं.

अग्निपथ योजना में मिलेगा अतिरिक्त लाभ

ITI से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को अग्निपथ योजना के तहत बोनस अंक दिए जाएंगे. विभाग के अनुसार, एक वर्षीय कोर्स करने वाले छात्रों को 30 अतिरिक्त अंक और दो वर्षीय कोर्स पूरा करने वालों को 40 अंक का लाभ मिलेगा. इससे अग्निवीर भर्ती में उनकी संभावनाएं और मजबूत होंगी.

10 पसंदीदा ट्रेड चुनने का अवसर

इस बार प्रवेश प्रक्रिया को और अधिक छात्र हितैषी बनाया गया है. मेरिट सूची जारी होने के बाद छात्र अपनी रैंक के अनुसार अधिकतम 10 संस्थानों और ट्रेड्स का चयन कर सकेंगे. इससे उन्हें अपनी रुचि और करियर लक्ष्य के अनुरूप विकल्प चुनने की सुविधा मिलेगी.

इंडस्ट्री में प्रशिक्षण के साथ स्टाइपेंड

दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली (DST) इस वर्ष की सबसे खास पहल मानी जा रही है. राज्य के 54 सरकारी आईटीआई ने टाटा मोटर्स, बजाज ऑटो, हीरो मोटोकॉर्प, महिंद्रा और वी-गार्ड जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ साझेदारी की है. छात्रों को सीधे उद्योगों में प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा, जहां उन्हें 8,000 से 12,000 रुपये प्रतिमाह तक स्टाइपेंड भी दिया जाएगा.

उच्च शिक्षा के लिए भी खुलेंगे रास्ते

ITI पास छात्र तकनीकी शिक्षा में आगे बढ़ते हुए पॉलिटेक्निक के दूसरे वर्ष में सीधे प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं. इससे उनके लिए रोजगार के साथ-साथ उच्च शिक्षा के अवसर भी बढ़ जाएंगे.

महत्वपूर्ण तिथियां

ऑनलाइन आवेदन का प्रथम चरण 5 जुलाई तक चलेगा. राज्य स्तरीय मेरिट सूची 7 जुलाई को जारी होगी. इसके बाद 8 से 15 जुलाई तक विकल्प भरने की प्रक्रिया होगी. प्रथम काउंसलिंग के तहत संस्थान आवंटन 18 जुलाई को किया जाएगा, जबकि चयनित छात्रों के प्रवेश 19 से 26 जुलाई के बीच संपन्न होंगे.