menu-icon
India Daily

खुद बेटी-दामाद ने पीट-पीटकर ली पिता की जान... शरीर पर 15 चोट के निशान

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले की बेटी और हरियाणा के दामाद ने पारिवारिक विवाद में अपने ही पिता की पीट-पीटकर जान ले ली. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हैं.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
खुद बेटी-दामाद ने पीट-पीटकर ली पिता की जान... शरीर पर 15 चोट के निशान
Courtesy: AI (Grok)

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि एक व्यक्ति की जान चली गई. दन्या थाना क्षेत्र के सेली गांव में एक ग्रामीण की कथित रूप से बेरहमी से पिटाई की गई, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान चंद्रशेखर पांडे के रूप में हुई है. आरोप है कि उनकी विवाहित बेटी और दामाद ने किसी विवाद के बाद उन पर हमला किया. गंभीर रूप से घायल चंद्रशेखर को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और बाद में हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन हल्द्वानी ले जाते समय उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया. घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं.

गांव आने के बाद बढ़ा विवाद

जानकारी के मुताबिक चंद्रशेखर की बड़ी बेटी का विवाह कुछ समय पहले हरियाणा में हुआ था. 20 जून को बेटी और दामाद गांव पहुंचे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर परिवार में विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया.

गंभीर चोटों के बाद बिगड़ी हालत

परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि मारपीट में चंद्रशेखर को कई गंभीर चोटें आईं. प्राथमिक जांच में उनके हाथ और पैर में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है, जबकि सिर पर भी गंभीर चोट लगी थी. डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र भेजने की सलाह दी थी.

शरीर पर मिले कई चोट के निशान

ग्रामीणों के अनुसार मृतक के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाए गए. बताया जा रहा है कि उनके शरीर पर करीब 15 गंभीर चोट आए थे. उन्हें गंभीर रूप से घायल किया गया था, जिसके चलते ज्यादा खून बहने और अंदरूनी चोटों ने उनकी स्थिति और बिगाड़ दी. घटना के बाद ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है.

पुलिस जांच में जुटी

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाने शुरू कर दिए. पुलिस को आशंका है कि आरोपी हरियाणा की ओर फरार हो गए हैं. उनकी तलाश के लिए स्थानीय पुलिस ने हरियाणा पुलिस से भी संपर्क किया है. बता दें पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव गांव लाया गया, जहां परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई.