NEET Re-Exam: उत्तराखंड के अभ्यर्थियों को UTC बसों में मिलेगी निशुल्क यात्रा की सुविधा
उत्तराखंड सरकार ने NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले राज्य के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को UTC की साधारण बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया है. यह सुविधा परीक्षा से दो दिन पहले और बाद तक लागू रहेगी.
देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने NEET (UG) 2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है. राज्य सरकार ने परीक्षा देने जा रहे उम्मीदवारों के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम (UTC) की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की है. इस व्यवस्था का लाभ केवल उत्तराखंड के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को मिलेगा.
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, निशुल्क यात्रा सुविधा परीक्षा तिथि से दो दिन पहले और परीक्षा के दो दिन बाद तक लागू रहेगी. इससे दूरदराज के क्षेत्रों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले छात्रों को आर्थिक और परिवहन संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी.
परिवहन सचिव ने जारी किए निर्देश
इस संबंध में परिवहन सचिव बृजेश कुमार संत ने उत्तराखंड परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं. आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह सुविधा केवल उन्हीं उम्मीदवारों को प्रदान की जाएगी जो उत्तराखंड के स्थायी निवासी हैं और NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा में शामिल हो रहे हैं.
Also Read
प्रवेश पत्र दिखाकर कर सकेंगे यात्रा
अभ्यर्थियों को बस में यात्रा के दौरान अपना NEET (UG) 2026 का प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) दिखाना होगा. इसी आधार पर उन्हें निशुल्क यात्रा की अनुमति दी जाएगी. किसी अन्य दस्तावेज के आधार पर यह सुविधा उपलब्ध नहीं होगी.
केवल साधारण श्रेणी की बसों में लागू होगा आदेश
सरकार ने स्पष्ट किया है कि निशुल्क यात्रा की यह व्यवस्था केवल उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित साधारण श्रेणी (ऑर्डिनरी) की बसों में लागू होगी. साथ ही यह सुविधा अभ्यर्थियों के निकटतम परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए ही मान्य रहेगी.
छात्रों को मिलेगी बड़ी राहत
राज्य सरकार के इस निर्णय को छात्रों और अभिभावकों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है. विशेष रूप से पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में होने वाले अतिरिक्त खर्च से राहत मिलेगी, जिससे वे बिना किसी आर्थिक दबाव के परीक्षा में शामिल हो सकेंगे.