किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, उत्तराखंड सरकार दे रही 80 प्रतिशत तक सब्सिडी; आय वृद्धि में पूरे देश में बने नंबर वन बना राज्य

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के किसान आय वृद्धि के मामले में देश में पहले स्थान पर हैं. सरकार हार्टीकल्चर को बढ़ावा देने के लिए सेब, ड्रैगन फ्रूट समेत कई फसलों पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दे रही है.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

देहरादून: उत्तराखंड सरकार कृषि और बागवानी क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनकी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में कृषि और किसान शामिल हैं. उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार की नीतियों और हार्टीकल्चर क्षेत्र में दी जा रही भारी सब्सिडी के कारण उत्तराखंड के किसान आज आय वृद्धि के इंडेक्स में देश में पहले स्थान पर हैं. सरकार का लक्ष्य किसानों की आमदनी बढ़ाने के साथ राज्य को हार्टीकल्चर का बड़ा केंद्र बनाना है.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह बातें शुक्रवार को पंतनगर स्थित पंत विश्वविद्यालय में आयोजित पुरातन छात्र सम्मेलन और गांधी पार्क में आयोजित किसान संवाद सम्मेलन के दौरान कहीं. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में उत्तराखंड के किसानों को लगातार सहयोग दे रही है. इसी सहयोग और राज्य सरकार की योजनाओं का सकारात्मक असर अब किसानों की आय में दिखाई दे रहा है.

मुख्यमंत्री ने आगे क्या बताया?

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार सेब, ड्रैगन फ्रूट और अन्य बागवानी फसलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को 80 प्रतिशत तक अनुदान दे रही है. इससे किसान आधुनिक खेती की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं और उनकी आय में भी लगातार वृद्धि हो रही है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उत्तराखंड देश का प्रमुख हार्टीकल्चर हब बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा.


सरकार और कौन-कौन सी चला रही योजनाएं?

धामी ने कहा कि सरकार प्राकृतिक और पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने के लिए भी कई योजनाएं चला रही है. सगंध खेती को प्रोत्साहित करने के लिए महक नीति लागू की गई है. इसके अलावा किसानों को कृषि यंत्र खरीदने पर भी भरपूर सब्सिडी दी जा रही है ताकि छोटे और गरीब किसानों को खेती करने में किसी तरह की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े.

मुख्यमंत्री ने क्या किया अपील?

मुख्यमंत्री ने पंत विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों से अपने अनुभव और ज्ञान का लाभ समाज तक पहुंचाने की अपील की. उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है जब उसका फायदा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. उन्होंने छात्रों से कृषि अनुसंधान और नई तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने में योगदान देने का आग्रह किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंत विश्वविद्यालय केवल शिक्षा देने वाला संस्थान नहीं है बल्कि यह व्यवहारिक प्रशिक्षण का भी महत्वपूर्ण केंद्र है. यहां से निकलने वाले विद्यार्थी आधुनिक तकनीक और व्यावहारिक ज्ञान के साथ देश की कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं.

उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की भी सराहना की और कहा कि किसानों के हित में उनके प्रयास सराहनीय हैं. खेतों में पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ प्रशिक्षण गतिविधियों का निरीक्षण करना किसानों और छात्रों दोनों के लिए प्रेरणादायक कदम है.