CM धामी का बड़ा आदेश, 15 अक्टूबर तक उत्तराखंड की सभी सड़कें होंगी गड्ढामुक्त; जिलाधिकारियों को मिली डेडलाइन

उत्तराखंड में मानसून और चारधाम यात्रा के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारियों को आपदा प्रबंधन मजबूत रखने, सड़कों की मरम्मत, सत्यापन अभियान तेज करने और 15 अक्टूबर तक प्रदेश की सड़कें गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए.

Pinterest
Kanhaiya Kumar Jha

देहरादून: देहरादून में मुख्यमंत्री आवास से सोमवार को हुई वर्चुअल बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के सभी जिलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की. बैठक में मानसून, आपदा प्रबंधन, चारधाम और कांवड़ यात्रा, सड़कों की स्थिति, सरकारी योजनाओं का सत्यापन और जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम पर विशेष चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही विकास कार्यों की गति बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को मानसून के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभाग अलर्ट मोड पर रहें और अधिकारी हर समय संपर्क में उपलब्ध रहें. बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों, बंद मार्गों और खराब ड्रेनेज व्यवस्था की जिलेवार जानकारी तैयार करने को कहा गया है. मानसून खत्म होने के बाद ऐसे स्थानों पर मरम्मत और पुनर्निर्माण का काम प्राथमिकता से शुरू किया जाएगा.

15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त होंगी सड़कें

धामी ने मानसून समाप्त होने के बाद प्रदेशभर में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान चलाने के निर्देश दिए. उन्होंने जिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में विस्तृत कार्ययोजना बनाने और निगरानी के लिए समितियां गठित करने को कहा. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 15 अक्टूबर तक प्रदेश की सड़कों को हर हाल में गड्ढामुक्त किया जाना चाहिए. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की पांच साल पुरानी और खराब सड़कों को भी चिन्हित कर उनके सुधार की योजना बनाने को कहा गया.


सरकारी योजनाओं के सत्यापन पर जोर

मुख्यमंत्री ने जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम को मानसून के बाद और तेज करने के निर्देश दिए. जिन गांवों और क्षेत्रों में अभी तक शिविर नहीं लगे हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर कैंप आयोजित करने को कहा गया. 1905 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की नियमित समीक्षा के साथ राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड समेत विभिन्न योजनाओं में अपात्र लाभार्थियों का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए. लक्ष्य है कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल पात्र लोगों तक पहुंचे.

यात्रा, सफाई और नशे के खिलाफ कार्रवाई

धामी ने चारधाम और कांवड़ यात्रा से जुड़े प्रबंधों की भी समीक्षा की. कांवड़ यात्रा समाप्त होने के बाद सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए. उन्होंने अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने को कहा. कृषि, बागवानी और पशुपालन की योजनाओं में अधिक पात्र लोगों को जोड़ने पर भी जोर दिया गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ सकें.

विकास कार्यों की नियमित निगरानी

मुख्यमंत्री ने स्वीकृत घोषणाओं से जुड़े विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने जिलाधिकारियों से इन कार्यों की लगातार समीक्षा और निगरानी करने को कहा, ताकि योजनाएं समय पर जमीन पर उतर सकें. खराब ग्रामीण सड़कों को जरूरत के अनुसार लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए. बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, मंडल आयुक्त, पुलिस अधिकारी, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए.