'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार', सीएम धामी ने शुरू किया जनसेवा अभियान का दूसरा चरण
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की. 19 जुलाई तक अधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों को सरकारी सेवाएं और योजनाओं का लाभ पहुंचाएंगे.
रविवार को टनकपुर पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की. उन्होंने बताया कि यह अभियान 4 जुलाई से 19 जुलाई तक चलेगा. इस दौरान सभी प्रशासनिक विभागों के अधिकारी और कर्मचारी गांवों तथा दूर-दराज के इलाकों में पहुंचकर लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराएंगे.
पहले चरण को मिली थी जनता की सराहना
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अभियान का पहला चरण 45 दिनों तक चला था, जिसमें लोगों के घरों के पास ही प्रमाण पत्र बनवाने, बिजली और सड़क संबंधी समस्याओं के समाधान, स्वास्थ्य सेवाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया गया. उन्होंने बताया कि इस पहल को जनता का व्यापक समर्थन मिला, जिसके बाद इसका दूसरा चरण शुरू किया गया है.
Also Read
अधिकारियों को दिए समर्पण से काम करने के निर्देश
धामी ने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंच सके. उन्होंने भरोसा जताया कि यह अभियान लोगों और सरकार के बीच भरोसा मजबूत करेगा.